Last Updated:

बैंगनी रंग का खट्टा-मीठा, कसैले स्वाद का जामुन गर्मियों के अंत और मानसून के शुरुआत में मिलने लगता है. यह औषधीय गुणों से भरपूर फल है. मुख्य रूप से यह मई से जुलाई में मिलता है. बारिश के दौरान ताजा जामुन आपको खाने के लिए खूब मिल जाएंगे. पोषक तत्वों की बात करें तो इसमें विटामिन सी, फाइबर, एंटीऑक्सीडेंट्स, कैल्शियम, आयरन, फॉस्फोरस, मैग्नीशियम, विटामिन ए आदि भरपूर होते हैं. जामुन पाचन को स्वस्थ रखता है. डायबिटीज में शुगर लेवल कंट्रोल रखता है. हालांकि, जामुन खाते समय या खाने के तुरंत बाद कुछ चीजों के सेवन से जरूर बचना चाहिए वरना आपको नुकसान भी हो सकता है.

कई तरह की पारंपरिक मान्यताएं हैं, जिसमें जामुन खाने के तुरंत बाद कुछ खाद्य पदार्थों को खाने से मना किया जाता है. इससे पाचन संबंधित समस्याएं हो सकती हैं. हालांकि, इसका कोई मेडिकल या वैज्ञानिक प्रमाण अधिक नहीं है, लेकिन बेहतर है कि आप जामुन खाने के तुरंत बाद यहां बताई गई चीजों को न ही खाएं तो सेहत के लिए फायदेमंद होगा.

यदि आपने जामुन खाया है तो गलती से भी तुरंत दूध और इससे बनने डेयरी प्रोडक्ट्स जैसे दही, पनीर आदि का सेवन न करें. इससे आपको गैस, अपच, पेट में भारीपन, ब्लोटिंग आदि की समस्या शुरू हो सकती है. जामुन खाने के आधे से एक घंटे बाद ही दूध, दही खाएं-पिएं.

जामुन स्वाद में खुद खट्टा, मीठा और कसैला सा होता है, ऐसे में आप इसे खाते समय अचार, अन्य खट्टी चीजें खाते हैं तो नुकसान पहुंचा सकता है. जामुन खाने के तुरंत बाद ही आप सिरका, अचार, बहुत अधिक खट्टी चीजें खाने से काफी लोगों को एसिडिटी, पेट में जलन की समस्या बढ़ सकती है. जामुन और अचार, दोनों ही अम्लीय होते हैं, जो पेट में एसिड लेवल को तेजी से बढ़ा सकते हैं. ऐसे में जामुन खाने के एक से डेढ़ घंटे बाद ही अचार या कोई दूसरी खट्टी चीज खाएं.

Add News18 as
Preferred Source on Google

कुछ लोगों की आदत होती है कोई भी फल खाते हैं तो तुरंत पेट भर कर ढेर सारा ठंडा पानी भी पी जाते हैं. ऐसा आप जामुन खाने के बाद ना करें. इससे आपका गला खराब हो सकता है. पेट में दर्द, ऐंठन, पाचन संबंधी समस्याएं शुरू हो सकती हैं. कुछ देर बाद थोड़ा सा नॉर्मल पानी पीना हेल्दी विकल्प हो सकता है.

बहुत अधिक मसालेदार और ऑयली भोजन भी जामुन खाने के साथ या तुरंत बाद नहीं करना चाहिए. इससे पेट पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है. जिन लोगों को पहले से ही पाचन संबंधित परेशानियां जैसे अपच, जलन, गैस की शिकायत रहती है, उनके लिए दिक्कत और भी अधिक बढ़ सकती है.

जिनका पाचन तंत्र बहुत अधिक संवेदनशील है, तो ऐसे लोग जामुन के साथ गलत फूड कॉम्बिनेशन लेते हैं तो उन्हें कई समस्याएं हो सकती हैं. पेट में गैस, अपच, भारीपन, सीने में जलन, एसिडिटी, पेट दर्द, पेट में ऐंठन, गले में खराश, पाचन तंत्र में असहजता, उल्टी आदि हो सकती है.

जामुन खाने का सही तरीका- फ्रेश जामुन ठेले पर से खरीदें. बहुत अधिक गले हुए स्वाद में खराब होते हैं. जामुन को पानी से दो से तीन बार जरूर धो लें, क्योंकि ठेले पर इसे काफी लोग छूकर चुनते हैं और फिर खरीदते हैं. इससे बैक्टीरिया, जर्म्स, गंदगी जामुन पर लगे हो सकते हैं. खाली पेट अधिक मात्रा में खाने से बचें. जामुन खाने के एक घंटे बाद कुछ भी खाने से बचना चाहिए. पानी, दूध, दही, खट्टे फल, खट्टी चीजें, अचार आदि न खाएं. सीमित मात्रा में सेवन से फायदा अधिक और नुकसान कम होगा. पाचन संबंधी समस्याएं हैं तो बहुत कम खाएं. खासकर जब आपको गैस, जलन पहले से ही हो, तब इस फल को ना खाएं.

न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।



Source link

Write A Comment