स्कॉटलैंड के ग्लासगो शहर में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय एथलीटों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला था, जिसमें कुल 39 पदक जीतने में सफलता हासिल हुई थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 9 अगस्त को पीएम आवास पर इस बार कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक जीतने वाले सभी मेडलिस्ट से मुलाकात करने के साथ उनको पदक जीतने की बधाई दी और एक रील भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर शेयर की जिसमें उन्होंने कहा कि जो खेलेगा वो खिलेगा। भारतीय दल ने कॉमनवेल्थ गेम्स में इस बार 13 गोल्ड मेडल, 17 सिल्वर और 9 कांस्य पदक जीतने में सफलता हासिल की, जिसके दम पर मेडल टैली में चौथे नंबर पर रहते हुए खत्म किया।
हमेशा देश का हौसला बढ़ाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में पदक जीतने वाले एथलीटों के साथ मुलाकात के बाद जो रील सोशल मीडिया पर शेयर किया उसमें उन्होंने कहा कि जो खेलेगा, वो खिलेगा। हमेशा देश का हौसला बढ़ाएं। इसके बाद पीएम मोदी ने भारत माता की जय का नारा लगाया जिसमें उनके साथ मौजूद सभी खिलाड़ियों ने इसे दोहराया। इस रील में कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में गोल्ड मेडल जीतने वाली महिला बॉक्सिंग खिलाड़ी साक्षी चौधरी ने वीडियो को होस्ट किया और इस मुलाकात के लिए पीएम मोदी का आभार जताया। वीडियो में साक्षी चौधरी ने कहा कि नमस्ते दोस्तों आज PM सर ने कॉमनवेल्थ गेम्स के मेडलिस्ट को बुलाया है और हम सभी को काफी गर्व महसूस हो रहा है।
बॉक्सिंग में सबसे ज्यादा जीते इस बार 10 मेडल
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत का बॉक्सिंग के अलग-अलग वजन कैटेगिरी में शानदार प्रदर्शन देखने को मिला जिसमें कुल 7 गोल्ड और तीन सिल्वर सहित कुल 10 मेडल जीतने में सफलता हासिल हुई। एथलेटिक्स में भारत के खाते में कुल 10 मेडल आए जिसमें गुलवीर सिंह ने दो अलग-अलग इवेंट में पदक जीते। वेटलिफ्टिंग से 8, पैरा एथलेटिक्स से 6, जूडो से 4 और पैरा पावरलिफ्टिंग में एक मेडल जीतने में सफलता हासिल हुई। पहली बार भारत की तरफ से कॉमनवेल्थ गेम्स में जूडो के इवेंट में गोल्ड मेडल जीतने में भी कामयाबी मिली। अब सभी की नजरें जापान में होने वाले आगामी एशियन गेम्स को लेकर भी हैं जहां भारतीय एथलीटों से शानदार प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।
ये भी पढ़ें
नीरज चोपड़ा अब डायमंड लीग में होंगे एक्शन में, अरशद नदीम और रूमेश पथिरागे से होगा सामना