उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक के कानपुर दौरे के दौरान उनके सियासी तेवर बेहद आक्रामक नजर आए। मीडिया से बातचीत में उन्होंने समाजवादी पार्टी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। बृजेश पाठक ने अखिलेश यादव के ब्राम्हण सम्मेलन और ब्राम्हणों की तरफ झुकाव के राजनीतिक रुख पर सवाल उठाते हुए कहा कि अखिलेश यादव बहुरूपिए जैसा व्यवहार कर रहे हैं। डिप्टी सीएम ने कहा कि सपा सरकार रहने के वक्त उन्होंने M-Y फैक्टर पर ही काम किया, अब बहुरूपिया का काम कर रहे हैं। उनके इस बयान के बाद प्रदेश की सियासत में बयानबाजी और तेज होने के आसार हैं। डिप्टी सीएम ने सपा के शासनकाल को लेकर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब थी और वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया जैसी स्थिति बन गई थी। बृजेश पाठक ने कहा कि उस दौर में गुंडों और अपराधियों को बढ़ावा दिया गया, जबकि भाजपा सरकार ने सत्ता में आने के बाद कानून व्यवस्था को अपनी प्राथमिकताओं में रखा।
सपा शासन में गुंडों को मिला बढ़ावा
डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने सपा सरकार के कार्यकाल पर हमला बोलते हुए कहा कि उस समय प्रदेश में अपराध और माफिया का प्रभाव बढ़ा हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा शासन में अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण मिलता था। भाजपा सरकार ने सत्ता में आने के बाद प्रदेश में कानून का राज स्थापित करने की दिशा में काम किया है, उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश की पहचान अपराध और अव्यवस्था से नहीं बल्कि विकास, निवेश और बेहतर कानून-व्यवस्था से हो रही है।
2017 के बाद यूपी की तस्वीर बदलने का दावा
डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने भाजपा सरकार के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि 2017 के बाद उत्तर प्रदेश बीमारू राज्य के कलंक से मुक्त होकर रेवेन्यू सरप्लस स्टेट बना है। उन्होंने दावा किया कि पिछले सालों में प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है और सरकार ने विकास के साथ-साथ वित्तीय स्थिति सुधारने पर भी काम किया है। बृजेश पाठक ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
2027 को लेकर भी किया बड़ा सियासी दावा
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी बृजेश पाठक ने बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि 2027 में भी उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार प्रचंड बहुमत के साथ बनेगी। डिप्टी सीएम ने कहा कि भाजपा सरकार के विकास कार्यों और सुशासन पर जनता का भरोसा कायम है। उनके मुताबिक जनता एक बार फिर भाजपा को सत्ता सौंपने का मन बना चुकी है।
अखिलेश पर सीधा वार, सियासी पारा चढ़ा
कानपुर में बृजेश पाठक के बयान के बाद सपा और भाजपा के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप और तेज होने की संभावना है। अखिलेश यादव को लेकर दिए गए बहुरूपिए जैसा व्यवहार वाले बयान को डिप्टी सीएम का अब तक का एक और तीखा राजनीतिक हमला माना जा रहा है। कानपुर दौरे के दौरान बृजेश पाठक ने जहां सपा के पुराने शासन पर सवाल खड़े किए, वहीं भाजपा सरकार की उपलब्धियों को जनता के सामने रखते हुए 2027 के चुनाव में दोबारा सत्ता में वापसी का विश्वास जताया।
(रिपोर्ट – अनुराग श्रीवास्तव)
ये भी पढ़ें