Vinegar Onion Recipe: घर पर दाल, सब्जी, पराठा या पुलाव बना हो और साथ में सिरके वाला प्याज मिल जाए, तो साधारण खाना भी थोड़ा खास लगने लगता है. रेस्टोरेंट और ढाबों में मिलने वाला गुलाबी रंग का यह प्याज लोगों को खूब पसंद आता है. इसकी खासियत सिर्फ इसका स्वाद नहीं, बल्कि इसे बनाने का आसान तरीका भी है. इसके लिए घंटों की तैयारी या बहुत सारी सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती.
छोटे प्याज को सिरके के मिश्रण में कुछ समय के लिए रखने पर उसका स्वाद खट्टा-मीठा और हल्का तीखा हो जाता है, अगर आपको भी खाने के साथ चटपटा साइड डिश पसंद है, तो सिरके वाला प्याज घर पर जरूर ट्राई कर सकते हैं. सही मात्रा में सिरका और मसाले इस्तेमाल करने से इसका स्वाद काफी हद तक ढाबे जैसा बनाया जा सकता है.
सिरके वाला प्याज बनाने के लिए सामग्री
सिरके वाला प्याज बनाने के लिए छोटे साइज के प्याज लेना बेहतर रहता है. करीब 250 ग्राम छोटे प्याज, आधा कप सफेद सिरका, आधा कप पानी, आधा चम्मच नमक और एक चुटकी चीनी की जरूरत होगी. स्वाद बढ़ाने के लिए आप इसमें थोड़ी कुटी हुई काली मिर्च, लाल मिर्च या कुछ हरी मिर्च भी डाल सकते हैं.
प्याज तैयार करने का तरीका
सबसे पहले छोटे प्याज को छीलकर अच्छी तरह धो लें. अब हर प्याज पर ऊपर से हल्का सा क्रॉस कट लगा दें. इससे सिरके का स्वाद प्याज के अंदर तक आसानी से पहुंचेगा, अगर प्याज थोड़े बड़े हैं, तो उन्हें आधा भी काट सकते हैं. एक साफ कांच के जार या एयरटाइट कंटेनर में सिरका और पानी डालें. इसमें नमक और चीनी मिलाकर अच्छी तरह घोल लें. अब इसमें प्याज डाल दें. ध्यान रखें कि प्याज पूरी तरह सिरके के मिश्रण में डूबे रहें. स्वाद के लिए इसमें हरी मिर्च और थोड़ी कुटी काली मिर्च भी डाली जा सकती है.
कितनी देर में तैयार होगा सिरके वाला प्याज?
जार को बंद करके करीब 6 से 8 घंटे के लिए फ्रिज में रख दें, अगर आपको प्याज का स्वाद ज्यादा खट्टा और मसालेदार पसंद है, तो इसे रातभर भी रखा जा सकता है. कुछ घंटों बाद प्याज का रंग हल्का गुलाबी नजर आने लगेगा और उसका स्वाद भी बदल जाएगा. इसे परोसने से पहले जार को हल्का हिला लें, ताकि सिरके का मिश्रण प्याज पर अच्छी तरह लग जाए. गरमा-गरम पराठे, छोले-भटूरे, दाल-चावल या किसी भी मसालेदार खाने के साथ इसे परोसा जा सकता है.
स्वाद और रंग बेहतर करने की छोटी सी ट्रिक
अगर आप बिल्कुल रेस्टोरेंट जैसा गुलाबी रंग चाहते हैं, तो सिरके वाले प्याज में चुकंदर का एक छोटा टुकड़ा डाल सकते हैं. इससे प्याज को प्राकृतिक गुलाबी रंग मिलता है. वहीं, ज्यादा सिरका डालने से स्वाद बहुत तेज खट्टा हो सकता है, इसलिए पानी और सिरके का संतुलन बनाए रखना जरूरी है.
तैयार प्याज को हमेशा साफ और सूखे जार में रखें. फ्रिज में रखने पर इसे कुछ दिनों तक इस्तेमाल किया जा सकता है. घर में अचानक मेहमान आ जाएं या रोज के खाने में कुछ चटपटा जोड़ना हो, तो यह आसान रेसिपी काफी काम आती है.