गर्मियों में तरबूज खूब मिलता है. काफी लोगों का पसंदीदा फल भी है तरबूज. पानी से भरपूर होने के कारण यह शरीर को ठंडक प्रदान करता है. गर्मी में डिहाइड्रेशन से बचने का ये सस्ता देसी तरीका है. लोग कई तरह से तरबूज खाना पसंद करते हैं. कोई काटकर खाता है, कोई जूस बनाकर पीता है, फ्रूट सलाद में डालकर खाते हैं कुछ लोग तो वहीं कुछ लोग ऐसे भी हैं, जो फ्रिज से निकला चिल्ड तरबूज खाना पसंद करते हैं. कुछ लोगों को लगता है कि फ्रिज में रखा ठंडा वॉटरमेलन खाने में नॉर्मल से काफी स्वादिष्ट, मीठा लगता है. ये काफी फ्रेश, रसदार हो जाता है. लोगों को लगता है कि जब फ्रिज में तरबूज ठंडा होता है, तो ये और भी ज्यादा मीठा हो जाता है. क्या वाकई ऐसा है, जानते हैं यहां.
क्या फ्रिज में रखने से बढ़ जाती है तरबूज की मिठास?
इंडियाटुडे में छपी एक खबर के अनुसा, खाद्य विशेषज्ञों के अनुसार, तरबूज को ठंडा करने से उसमें मौजूद प्राकृतिक शर्करा की मात्रा नहीं बढ़ती. इसमें पहले से मौजूद फ्रुक्टोज ही इसकी मिठास का स्रोत होता है. हालांकि, तापमान में बदलाव हमारे स्वाद महसूस करने के तरीके को प्रभावित कर सकता है, जिससे फल अधिक स्वादिष्ट लगने लगता है.
तापमान और स्वाद का क्या है संबंध?
फल का तापमान हमारे टेस्ट बड्स पर असर डालता है. ठंडा तरबूज खाने पर कई लोगों को यह अधिक मीठा लगता है, जबकि वास्तव में शुगर की मात्रा समान रहती है. यही कारण है कि फ्रिज में रखा तरबूज अक्सर अधिक स्वादिष्ट लगता है.
ठंडक का एहसास बढ़ाता है आनंद
तरबूज में पानी की मात्रा बहुत अधिक होती है. जब इसे ठंडा करके खाया जाता है, तो यह शरीर को तुरंत ठंडक और ताजगी का एहसास कराता है. गर्म मौसम में यह अनुभव और भी सुखद लगता है, जिससे फल का स्वाद बेहतर महसूस हो सकता है.
सुगंध भी निभाती है अहम भूमिका
किसी भी फल का स्वाद केवल उसकी मिठास पर निर्भर नहीं करता. उसकी खुशबू और अरोमा कंपाउंड्स भी स्वाद को प्रभावित करते हैं. तरबूज में कई प्राकृतिक सुगंधित तत्व पाए जाते हैं, जो उसके विशिष्ट स्वाद और ताजगी का अनुभव कराते हैं.
तरबूज खाने के फायदे
गर्मियों में तरबूज खाने से शरीर में पानी की कमी नहीं होती.
तरबूज गर्मियों में डिहाइड्रेशन से बचाने में मदद करता है. शरीर को ठंडक पहुंचाता है.
इसमें विटामिन ए, सी, एंटीऑक्सीडेंट्स होते हैं, जो कोशिकाओं को हेल्दी रखते हैं.
तरबूज में मौजूद लाइकोपीन और सिट्रुलीन हार्ट को हेल्दी रखते हैं.
तरबूज में फाइबर होता है, इसलिए पेट साफ रहता है, पाचन बेहतर बनाता है.
विटामिन A आंखों की सेहत को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है.
विटामिन सी होने के कारण इम्यूनिटी को बूस्ट करता है, जिससे आप इंफेक्शन से बचे रहते हैं.