दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े एक कथित जासूसी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए दिल्ली के एक युवा दंपति को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि दोनों साल 2024 से पाकिस्तानी खुफिया अधिकारियों के संपर्क में थे और सोशल मीडिया के जरिए इस नेटवर्क से जुड़े थे। स्पेशल सेल की नॉर्दर्न रेंज को दिल्ली-NCR में सक्रिय पाकिस्तान समर्थित जासूसी नेटवर्क की जानकारी मिली थी। जांच आगे बढ़ी तो पुलिस के हाथ एक ऐसे नेटवर्क के सुराग लगे, जो भारतीय सिम कार्ड जुटाकर पाकिस्तान तक पहुंचाने और संवेदनशील जानकारियां हासिल करने की कोशिश कर रहा था।

Insta पर मिले हैंडलर, सिम कार्ड पाकिस्तान भेजे

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद साहिल और उसकी पत्नी समीरा के रूप में हुई है। साहिल पहले एक पाकिस्तानी एजेंट के संपर्क में आया था, जिसके बाद दोनों की मुलाकात कथित पाकिस्तानी खुफिया अधिकारी यानी PIO से कराई गई। जांच में सामने आया कि साल 2024 और 2025 के दौरान दोनों ने कथित तौर पर 8 भारतीय सिम कार्ड दुबई के रास्ते पाकिस्तान भेजे, जिसके बदले उन्हें करीब 30 हजार रुपये मिले।

2 मोबाइल फोन बने अहम कड़ी

पुलिस का दावा है कि इन भारतीय नंबरों पर पाकिस्तान में व्हाट्सऐप अकाउंट चलाए गए और इनके जरिए भारतीय व्हाट्सऐप ग्रुपों में प्रवेश कर संवेदनशील जानकारियां जुटाने की कोशिश की गई। इतना ही नहीं, साहिल को देश के अलग-अलग इलाकों में मौजूद कैंटोनमेंट क्षेत्रों की रेकी के लिए लोगों को तैयार करने और भर्ती करने का भी टास्क दिया गया था। स्पेशल सेल ने दोनों के मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार, फॉरेंसिक जांच में पाकिस्तानी हैंडलर्स के साथ संदिग्ध चैट और बातचीत के सबूत मिले हैं। स्पेशल सेल अब पाकिस्तानी हैंडलर्स, सिम कार्ड नेटवर्क और इस जासूसी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

Image Source : REPORTER INPUTपुलिस की गिरफ्त में साहिल और समीरा।

इंस्टाग्राम से ISI एजेंट से जुड़े दंपति

पुलिस के मुताबिक साहिल 2024 में इंस्टाग्राम के जरिए एक पाकिस्तानी एजेंट के संपर्क में आया था। यह संपर्क उसकी दोस्त समीरा के जरिए हुआ। बाद में दोनों ने शादी कर ली। जांच एजेंसियों का दावा है कि इसके बाद एक पाकिस्तानी एजेंट ने दोनों को पाकिस्तान स्थित PIO से मिलवाया और धीरे-धीरे दोनों को नेटवर्क के लिए काम करने के लिए तैयार किया गया। पुलिस के अनुसार दोनों को आर्थिक फायदा देने का भरोसा भी दिया गया था।

भारतीय सिम भेजने में समीरा की अहम भूमिका

पहले साहिल को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके मोबाइल फोन की फॉरेंसिक जांच की तो पाकिस्तानी एजेंट्स के साथ संदिग्ध चैट और बातचीत मिली। इसके बाद पूछताछ में सामने आई जानकारी के आधार पर पुलिस समीरा तक पहुंची। पुलिस का दावा है कि भारतीय सिम कार्ड हासिल करने और उन्हें पाकिस्तान स्थित लोगों तक पहुंचाने में समीरा की अहम भूमिका थी। उसके मोबाइल की जांच में भी साहिल, समीरा और पाकिस्तान में मौजूद हैंडलर्स के बीच बातचीत और व्हाट्सएप चैट मिलने की बात कही गई है।

इससे पहले हाल ही में दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने बड़ी कार्रवाई करके ISI प्रायोजित अंतरराज्यीय आतंकी और हथियार तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया था। स्पेशल सेल ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पाकिस्तान में बैठे ISI हैंडलर शहजाद भट्टी के निर्देश पर दिल्ली में आतंकी वारदात की साजिश रची जा रही थी। 

यह भी पढ़ें-

ISI समर्थित शहजाद भट्टी नेटवर्क पर पूरे देश में कार्रवाई, 200 से ज्यादा लोग गिरफ्तार, गृह मंत्री अमित शाह ने बताया

‘सेना और ISI पर कितना खर्च, हिसाब दो’, पाकिस्तान के सीक्रेट बजट पर अमेरिका ने मांगा जवाब





Source link

Write A Comment