Last Updated:
अगर आप बाहर के अनहेल्दी फास्ट फूड से बचकर घर पर कुछ हेल्दी और टेस्टी बनाना चाहते हैं, तो दही चीज़ सैंडविच एक बेहतरीन विकल्प है. आगरा की फूड मेकर बबिता द्वारा बताई गई यह आसान रेसिपी ताज़ा सब्जियों, पनीर और दही से तैयार होती है, जो स्वाद के साथ सेहत का भी पूरा ध्यान रखती है. यह डिश बच्चों के नाश्ते के लिए खास तौर पर परफेक्ट है.
Dahi Cheese Sandwich Recipe: अक्सर हम बाहर रेस्टोरेंट में जाकर दही चीज़ सैंडविच का आनंद लेते हैं, लेकिन क्या वो स्वास्थ्य के लिए पूरी तरह सुरक्षित है? शायद नहीं. इसीलिए, आगरा की मशहूर फूड मेकर बबिता जी लेकर आई हैं आपके लिए एक ऐसी रेसिपी, जिसे आप घर की रसोई में मौजूद शुद्ध सामग्री से आसानी से बना सकते हैं. यह सैंडविच न केवल स्वाद में बेमिसाल है, बल्कि इसमें इस्तेमाल होने वाले ताज़ा पनीर, सब्जियां और शुद्ध घी इसे बच्चों और बड़ों के लिए एक हेल्दी विकल्प बनाते हैं.
आगरा की फूड मेकर बबिता ने बताया कि दही चीज़ सैंडविच आप घर पर मिलने वाले मसालों से ही तैयार कर सकते हैं. अक्सर बाहर की सैंडविच रखी हुई होती है और उसमें इस्तेमाल सामग्री की शुद्धता पर संदेह रहता है, जो सेहत को नुकसान पहुंचा सकती है. इसके विपरीत, घर में बनी सैंडविच में आप शुद्ध घी, ताज़ा सब्जियां और पनीर का उपयोग करते हैं, जो इसे पौष्टिक और सुरक्षित बनाता है.
बबिता के अनुसार, इस बेहतरीन डिश को बनाने के लिए आपको निम्न चीजों की आवश्यकता होगी: सब्जियां: टमाटर, प्याज, उबले आलू, बीन्स, शिमला मिर्च, और स्वीट कॉर्न (या अपनी पसंद की अन्य सब्जियां). डेयरी: ताज़ा पनीर, दही (2 बड़े चम्मच), और चीज़. मसाले: काली मिर्च पाउडर, गरम मसाला, चाट मसाला, लाल मिर्च और स्वादानुसार नमक. अन्य: ब्रेड स्लाइस, शुद्ध देशी घी या बटर, और ताज़ा हरा धनिया.
Add News18 as
Preferred Source on Google
सबसे पहले सभी सब्जियों को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. अब एक साफ बर्तन में इन कटी हुई सब्जियों को डालें और इसमें कद्दूकस किया हुआ पनीर और चीज़ मिला दें. इसके बाद इसमें दो बड़े चम्मच दही डालें. अब मसालों की बारी है तैयार मिश्रण में काली मिर्च, गरम मसाला, नमक, चाट मसाला और मिर्च डालकर अच्छी तरह मिक्स करें. आपका शानदार ‘वेज पेस्ट’ तैयार है.
गैस पर तवा रखें और आंच को मध्यम (धीमी) रखें. तवे पर देशी घी या बटर लगाएं. अब ब्रेड को तब तक सेकें जब तक वह हल्की ब्राउन और कुरकुरी न हो जाए (ध्यान रहे कि ब्रेड जलनी नहीं चाहिए).
अब सिकी हुई ब्रेड के एक तरफ हल्का सा दही लगाएं और तैयार किया हुआ वेज पेस्ट उस पर अच्छी तरह भर दें. दूसरी ब्रेड से इसे पैक करें और बीच से दो टुकड़ों में काट लें. ऊपर से ताज़ा हरा धनिया छिड़कें. आपकी गरमा-गरम दही चीज़ सैंडविच तैयार है! इसे आप मीठी सोंस या हरी धनिया-पुदीने की चटनी के साथ सर्व कर सकते हैं. यह हेल्दी फूड आप अपने बच्चों को नाश्ते के रूप में कभी भी खिला सकते हैं.