नोएडा: सावन के महीने में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा है। जगह-जगह कांवड़िये दिखाई दे रहे हैं जो भगवान शिव को अर्पित करने के लिए दूर-दूर से जल लेकर शिवालय पहुंच रहे हैं। मंगलवार को सावन की शिवरात्रि है और ऐसे में कांवड़ियों की यात्रा भी पूरी हो जाएगी। गौतम बुद्ध नगर में पुलिस और प्रशासन ने कांवड़ियों के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। इस मुद्दे पर खुद गौतम बुद्ध नगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह और DM मेधा रूपम ने इंडिया टीवी से बात की है।
DM मेधा रूपम ने क्या बताया?
गौतम बुद्ध नगर की डीएम मेधा रूपम का कहना है कि प्रशासन की तरफ से जगह-जगह शिविर लगाए गए हैं। शिविरों में ठंडे पानी से लेकर खाने-पीने और टेंपरेरी वॉशरूम भी बनाए गए हैं ताकि कांवड़ियों को दिक्कत ना हो। इसके अलावा मेडिकल कैंप, एंबुलेंस को स्टैंडबाई पर रखा गया है ताकि कोई मेडिकल इमरजेंसी हो तो जिला प्रशासन तुरंत निपट सके।
मेधा ने बताया कि जिला प्रशासन लोकल पुलिस के साथ कोऑर्डिनेशन करके काम कर रहा है ताकि कोऑर्डिनेशन की कमी के कारण कांवड़ियों और श्रद्धालुओं को कोई दिक्कत ना हो। इतना ही नहीं दिल्ली पुलिस के साथ भी गौतम बुद्ध नगर पुलिस कोऑर्डिनेशन कर रही है ताकि गौतम बुद्ध नगर से दिल्ली जाने वाले कांवड़िए आसानी से अपने गंतव्य स्थान पर जा सकें।
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने क्या बताया?
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने इंडिया टीवी को बताया, “शिवरात्रि के मौके पर तकरीबन 3800 पुलिसकर्मी सुरक्षा में तैनात किए गए हैं। गौतम बुद्ध नगर में 200 से ज्यादा शिवालय हैं, जहां पर श्रद्धालु जल चढ़ाएंगे। कांवड़ रूट से लेकर शिवालयों को सीसीटीवी की निगरानी में रखा गया है। इसी के साथ पुलिस तमाम सेंसिटिव इलाकों में ड्रोन कैमरे से भी नजर रखे हुए हैं। मैक्स पापुलेशन वाले इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तनाव किया गया है।”
गौरतलब है कि गौतम बुद्ध नगर में कांवड़िये जोर-शोर से अपने प्रिय भगवान शिव को अर्पित करने के लिए जल लेकर पहुंच रहे हैं। ऐसे में पुलिस-प्रशासन इस बात को लेकर अलर्ट है कि उन्हें कोई परेशानी नहीं हो।
हाल ही में CM योगी ने कानून व्यवस्था की समीक्षा की थी। इस दौरान सीएम योगी ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था, अनुशासन और सामाजिक समरसता का संदेश दे रही है।
ये भी पढ़ें-