Masoor Dal Dosa Recipe: आज की तेज रफ्तार जिंदगी में ज्यादातर लोग ऐसा नाश्ता ढूंढते हैं जो जल्दी तैयार हो जाए और शरीर को भरपूर पोषण भी दे. खासकर फिटनेस पर ध्यान देने वाले लोग सुबह के खाने में प्रोटीन से भरपूर चीजें शामिल करना पसंद करते हैं, लेकिन कई बार हेल्दी नाश्ता बनाने में ज्यादा समय लग जाता है, जिससे लोग मजबूरी में ब्रेड, बिस्किट या दूसरी तैयार चीजों पर निर्भर हो जाते हैं. ऐसे में अगर आपको एक ऐसी रेसिपी मिल जाए जो सिर्फ 10 मिनट में तैयार हो जाए, स्वाद में भी शानदार हो और प्रोटीन से भरपूर भी हो, तो इससे बेहतर क्या हो सकता है.
मशहूर शेफ मेघा महिंद्रू ने एक आसान और झटपट बनने वाला हाई-प्रोटीन मसूर दाल डोसा शेयर किया है. इस रेसिपी की सबसे खास बात यह है कि इसमें दाल को रातभर भिगोने या बैटर को घंटों रखने की जरूरत नहीं पड़ती. कुछ आसान सामग्री और सही तरीके से आप घर पर ही क्रिस्पी, स्वादिष्ट और पौष्टिक डोसा तैयार कर सकते हैं.
क्यों खास है मसूर दाल डोसा?
मसूर दाल प्रोटीन, फाइबर और कई जरूरी पोषक तत्वों का अच्छा स्रोत मानी जाती है. इसे खाने से पेट लंबे समय तक भरा हुआ महसूस होता है और शरीर को एनर्जी भी मिलती है, अगर आप वजन कम करने की कोशिश कर रहे हैं या अपनी डाइट में ज्यादा प्रोटीन शामिल करना चाहते हैं, तो यह डोसा आपके लिए बेहतरीन विकल्प बन सकता है. सबसे अच्छी बात यह है कि इस डोसे में चावल का इस्तेमाल नहीं किया जाता, जिससे यह हल्का और ज्यादा पौष्टिक बन जाता है.
डोसा बैटर बनाने के लिए सामग्री
1. 1 कप साबुत या धुली लाल मसूर दाल
2. 1 छोटा टमाटर, कटा हुआ
3. 2-3 सूखी लाल मिर्च
4. 1 छोटा चम्मच जीरा
5. बारीक कटा हरा धनिया
6. नमक स्वादानुसार
7. जरूरत के अनुसार पानी
स्टफिंग के लिए सामग्री
1. 1 कप कद्दूकस किया हुआ पनीर
2. 1/4 कप बारीक कटी शिमला मिर्च
3. 1/4 कप कद्दूकस की हुई गाजर
4. नमक स्वादानुसार
5. काली मिर्च पाउडर
बिना भिगोए ऐसे तैयार करें बैटर
इस रेसिपी की सबसे बड़ी खासियत यही है कि इसमें दाल को घंटों तक भिगोने की जरूरत नहीं होती. सबसे पहले मसूर दाल को साफ कर लें. अब मिक्सर जार में दाल, टमाटर, सूखी लाल मिर्च और जीरा डालें. इसमें थोड़ा पानी मिलाकर अच्छी तरह पीस लें. बैटर इतना स्मूथ होना चाहिए कि उसमें दाल के दाने महसूस न हों. जरूरत पड़ने पर थोड़ा और पानी मिला सकते हैं. तैयार बैटर को एक बड़े बाउल में निकाल लें.
बैटर में दें स्वाद का तड़का
अब बैटर में स्वादानुसार नमक और बारीक कटा हरा धनिया डालें. चम्मच की मदद से अच्छी तरह मिला लें. बैटर की कंसिस्टेंसी न ज्यादा गाढ़ी हो और न ही बहुत पतली, अगर बैटर बहुत गाढ़ा लगे तो थोड़ा पानी मिला सकते हैं. यही सही कंसिस्टेंसी डोसे को पतला और क्रिस्पी बनाने में मदद करती है.
प्रोटीन से भरपूर स्टफिंग तैयार करें
एक बड़े बर्तन में कद्दूकस किया हुआ पनीर डालें. इसमें शिमला मिर्च और गाजर मिलाएं. ऊपर से नमक और काली मिर्च डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स कर लें. यह स्टफिंग सिर्फ स्वाद ही नहीं बढ़ाती बल्कि डोसे की प्रोटीन वैल्यू भी काफी बढ़ा देती है. गाजर और शिमला मिर्च इसमें ताजगी और हल्का क्रंच जोड़ते हैं.
तवे पर डोसा बनाने का आसान तरीका
नॉन-स्टिक तवे को मध्यम आंच पर गर्म करें. तवे पर हल्का तेल या घी लगाएं और अतिरिक्त तेल को टिशू से साफ कर दें. अब एक बड़ा चमचा बैटर तवे के बीच में डालें और गोल-गोल घुमाते हुए पतला फैलाएं. डोसे को तब तक पकाएं जब तक उसका निचला हिस्सा सुनहरा और कुरकुरा न हो जाए. जब किनारे खुद तवे से अलग होने लगें, तब समझिए कि डोसा अच्छी तरह सिक चुका है.
View this post on Instagram