मध्य प्रदेश के पन्ना पुलिस ने रैपुरा थाना क्षेत्र के बहुचर्चित बघवारकलां हत्याकांड का करीब एक साल बाद सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के मामले में मृतक की पत्नी अर्चना सोनी और उसके पूर्व पति रामप्रताप सोनी को गुजरात के सूरत से गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों ने मिलकर जमीन और पारिवारिक विवाद के चलते नन्नू सोनी की हत्या की साजिश रची थी। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार अपने नाम, वेशभूषा और ठिकाने बदलते रहे, लेकिन पन्ना पुलिस ने सात राज्यों में लगातार दबिश देकर आखिरकार दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

जमीनी विवाद का है मामला

11 जुलाई 2025 को बघवारकलां निवासी मुन्नालाल सोनी ने थाना रैपुरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके बेटे नन्नू सोनी की शादी अर्चना सोनी से हुई थी। अर्चना की पहले रामप्रताप सोनी से शादी हो चुकी थी और उसके दो बच्चे थे। परिजनों के अनुसार, अर्चना अपने दोनों बच्चों के नाम जमीन कराने को लेकर नन्नू से अक्सर विवाद करती थी। 

दोनों बच्चों के साथ गायब हो गई थी अर्चना

10-11 जुलाई 2025 की रात नन्नू अपने कमरे में सो रहा था, जबकि सुबह उसका शव बिस्तर पर मिला और अर्चना दोनों बच्चों के साथ घर से गायब थी। इसके बाद हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

कई राज्यों में पुलिस ने की छापेमारी

पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। साइबर सेल और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से जांच आगे बढ़ी। करीब 12 महीने तक मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र, दिल्ली, राजस्थान और गुजरात सहित कई राज्यों में आरोपियों की तलाश की गई। 

सूरत से आरोपी हुआ गिरफ्तार

आरोपी पुलिस से बचने के लिए लगातार ठिकाने, काम, नाम और वेश बदलते रहे। आखिरकार मुखबिर की सूचना पर दोनों को सूरत के कपोदरा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।

महिला ने नन्नू सोनी के साथ की थी कोर्ट मैरिज

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि अर्चना ने 27 मई 2025 को नन्नू सोनी से कोर्ट मैरिज की थी। बाद में उसने अपने पूर्व पति रामप्रताप को फोन कर बताया कि नन्नू उसके बच्चों को पसंद नहीं करता और दोनों के बीच विवाद रहता है। इसके बाद 10 जुलाई 2025 को रामप्रताप बघवारकलां पहुंचा और अर्चना के साथ मिलकर लकड़ी की मुगरिया से नन्नू सोनी पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया है।

अमित सिंह की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें: 

ग्वालियर में दिनदहाड़े सनसनी, वकील पर ताबड़तोड़ फायरिंग से मौत, इलाके में दहशत





Source link

Write A Comment