पाकिस्तान क्रिकेट में लगातार जारी उठापटक के बीच पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड यानी PCB अब कुछ बड़े और कड़े फैसले लेने की तैयारी में है। टीम के प्रदर्शन और क्रिकेट से जुड़े फैसलों पर लगातार उठ रहे सवालों के बीच PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी सिलेक्शन कमेटी से लेकर कोचिंग सेटअप तक में बदलाव कर सकते हैं। माना जा रहा है कि पूर्व टेस्ट क्रिकेटर आकिब जावेद की सीनियर सिलेक्टर के पद से छुट्टी हो सकती है, जबकि वहाब रियाज को भी महिला टीम के मेंटर पद से हटाए जाने की संभावना है।
PCB से जुड़े एक सूत्र के मुताबिक, मोहसिन नकवी को अब महसूस हो गया है कि पाकिस्तान क्रिकेट में चल रहे खराब दौर को रोकने के लिए कुछ बड़े फैसले जरूरी हैं। इसी वजह से सिलेक्शन और टीम मैनेजमेंट से जुड़े बदलावों पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। अंतिम फैसला लेने से पहले नकवी अपने करीबी अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे और PCB गवर्निंग बोर्ड के सदस्यों को भी विश्वास में लिया जाएगा।
विदेशी कोच की तलाश में PCB
आकिब जावेद पिछले करीब 2 सालों में पाकिस्तान क्रिकेट से जुड़े कई अहम फैसलों में प्रमुख भूमिका निभाते रहे हैं। इंग्लैंड दौरे के दौरान दूसरे टेस्ट के बाद पाकिस्तान टीम और कोचिंग स्टाफ में अचानक किए गए बड़े बदलावों के पीछे भी उनका नाम प्रमुखता से सामने आया था। हालांकि, इस दौरान टीम के लगातार बदलते कप्तानों और कोचिंग स्टाफ को लेकर उन्हें आलोचना का सामना करना पड़ा है।
वहीं, पूर्व टेस्ट क्रिकेटर वहाब रियाज पिछले साल से पाकिस्तान की महिला टीम के साथ मेंटर की भूमिका निभा रहे हैं। सूत्र के मुताबिक, एशियन गेम्स के बाद वहाब रियाज के साथ महिला टीम के मौजूदा कोचिंग स्टाफ में भी बदलाव किया जा सकता है। PCB महिला टीम के लिए नए विदेशी मुख्य कोच की तलाश में भी कुछ उम्मीदवारों से बातचीत कर रहा है।
हेसन टेस्ट टीम की कमान संभालने के लिए तैयार
सिलेक्शन और कोचिंग ढांचे में बदलाव की एक वजह सफेद गेंद की टीम के मुख्य कोच माइक हेसन की टेस्ट टीम की जिम्मेदारी संभालने की इच्छा भी बताई जा रही है। हेसन टेस्ट टीम की कमान संभालने के लिए तैयार हैं, लेकिन उन्होंने बोर्ड के सामने साफ किया है कि रेड-बॉल क्रिकेट में सुधार के लिए उन्हें पर्याप्त समय और काम करने की पूरी स्वतंत्रता चाहिए। वह तभी यह जिम्मेदारी स्वीकार करेंगे, जब उन्हें निश्चित समयसीमा और फैसलों में किसी तरह का हस्तक्षेप नहीं होने का भरोसा दिया जाएगा।
पाकिस्तान के हालिया प्रदर्शन ने भी PCB पर दबाव बढ़ाया है। वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज 1-1 से ड्रॉ रहने के बाद पाकिस्तान को इंग्लैंड में तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में 0-3 से करारी हार झेलनी पड़ी। तीनों मुकाबलों में हार का अंतर बड़ा रहा, जिसके बाद टीम की रणनीति और बोर्ड की नीतियों पर सवाल उठने लगे हैं।
PTI inputs
यह भी पढ़ें:
16 रन, 1 विकेट और फिर इंजरी… IND vs AFG दूसरे T20 में किसे मिलेगा वरुण चक्रवर्ती की जगह मौका?
इंग्लैंड में तहलका मचाएगा बिहार का लाल, नॉटिंघमशायर ने दो मैचों के लिए किया टीम में शामिल