नई दिल्ली: राजस्थान में हुए निकाय चुनाव में बहुजन समाज पार्टी को भी 19 सीटों पर जीत हासिल हुई है। ऐसे में बसपा सुप्रीमो मायावती का बयान सामने आया है और उन्होंने जीतने वालों को बधाई दी है। हालांकि उन्होंने कुछ गंभीर आरोप भी लगाए और कहा कि अन्य बसपा उम्मीदवार भी जीत सकते थे।
मायावती ने क्या कहा?
यूपी की पूर्व सीएम और बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा, “राजस्थान में हुये निकाय चुनाव में बीएसपी ने भी इस बार 19 सीटों पर अपने पार्षद जिताकर भेजे हैं और काफी उम्मीदवार सरकारी मशीनरी की गड़बड़ी की वजह से दोबारा गिनती में जबरदस्ती थोड़े-थोड़े वोटों के अन्तर से हरा दिये गये हैं, वरना पार्टी का यहां और भी अच्छा रिजल्ट आ सकता था। इसके लिए पार्टी ने बीएसपी के सभी छोटे-बड़े पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनायें दी हैं।”
मायावती ने कहा, “हालांकि इससे पहले पंजाब सहित देश के कुछ और राज्यों में भी जो स्थानीय निकाय के चुनाव हुए हैं, तो वहां भी पार्टी का पहले से अच्छा नतीजा आया है और वे भी बधाई के पात्र हैं।”
मायावती ने कहा, “उम्मीद है कि अब वहां आगे होने वाले विधानसभा आम चुनाव में व देश में लोकसभा आम चुनाव में भी वे सभी लोग अपनी पार्टी का बेहतर रिजल्ट जरूर लाएंगे।”
निकाय चुनाव में सभी पार्टियों का प्रदर्शन कैसा रहा?
राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान की वेबसाइट पर जारी आंकड़ों के मुताबिक, राजस्थान निकाय चुनाव में सबसे बड़ी जीत बीजेपी को मिली है। बीजेपी ने 4179 सीटों पर जीत हासिल की है।
वहीं कांग्रेस को निकाय चुनाव में 3613 सीटों पर जीत मिली है। इसके अलावा आम आदमी पार्टी को 42, BAP को 8, सीपीआईएम को 38, IND को 2273 और आरएलपी को 63 सीटों पर जीत मिली है। एनपीपी को शून्य सीटें मिली हैं, यानी कहीं खाता नहीं खुला है।
कॉपी अपडेट हो रही है…