Last Updated:
Kathal Masala Recipe : सीतामढ़ी की रसोई क्वीन खुशबू कुमारी ने कटहल की सब्जी को मटन जैसा स्वाद देने की रेसिपी बताई. उन्होंने बताया कि सीक्रेट उबालने की तकनीक और मटन मसाला वाली ग्रेवी पर जोर दिया. आइये जानते हैं उनकी रेसिपी के बारे में.
सीतामढ़ी: बिहार के सीतामढ़ी की रसोई क्वीन खुशबू कुमारी के अनुसार, कटहल की सब्जी को मांसाहारी स्वाद देने का सबसे बड़ा राज उसके उबलने के तरीके में छिपा है. सबसे पहले ताजे कटहल को छीलकर छोटे टुकड़ों में काट लें और साथ में दो मध्यम आकार के आलू भी तैयार रखें. खुशबू बताती हैं कि इन टुकड़ों को प्रेशर कुकर में पानी, नमक और थोड़ी हल्दी के साथ सिर्फ दो सीटी आने तक उबालना चाहिए. इससे कटहल अंदर तक नरम हो जाता है और मसालों को सोखने के लिए तैयार हो जाता है. ध्यान रखें कि कुकर की गैस अपने आप निकलने दें. ताकि उसकी प्राकृतिक बनावट बनी रहे.
सीक्रेट मसाला पेस्ट: स्वाद की असली जान
खुशबू कुमारी कहती हैं कि इस सब्जी की ग्रेवी ही इसे खास बनाती है. इसके लिए टमाटर, अदरक, लहसुन और हरी मिर्च के साथ खड़े मसालों (दालचीनी, बड़ी इलायची, लौंग, जावित्री और काली मिर्च) का एक स्मूथ पेस्ट तैयार करें. जहां खड़े मसालों को पीसने से उनकी खुशबू ग्रेवी में पूरी तरह घुल जाती है, जो मटन जैसा अहसास कराती है. अगर आप चाहें तो इसमें एक प्याज भी पीस सकते हैं, जो ग्रेवी को गाढ़ापन और हल्का मीठापन प्रदान करता है, जिससे स्वाद का संतुलन और भी बेहतर हो जाता है.
तड़का और मसालों का सही मिश्रण
इसे बनाने की विधि पर चर्चा करते हुए खुशबू बताती हैं कि कड़ाही में तेल गरम कर जीरे का तड़का लगाएं. तैयार मसाला पेस्ट डालने के बाद इसमें हल्दी, धनिया पाउडर और कश्मीरी लाल मिर्च मिलाएं. सबसे महत्वपूर्ण सामग्री ‘मटन मसाला’ (या गरम मसाला) है, जो इसकी खुशबू को सातवें आसमान पर ले जाता है. मसालों को धीमी आंच पर ढककर तब तक भूनें. जब तक कि किनारों से तेल न छूटने लगे. खुशबू कुमारी का कहना है कि मसालों की धीमी भुनाई ही सब्जी में गहरा रंग और लाजवाब स्वाद लाती है.
जानें परफेक्ट ग्रेवी और परोसने का तरीका
जब मसाला तैयार हो जाए, तो इसमें उबले हुए कटहल और आलू को उनके पानी सहित मिला दें. खुशबू सुझाव देती हैं कि इसे मध्यम आंच पर 5-7 मिनट तक ढककर पकाएं. ताकि मसालों का अर्क कटहल के रेशों के अंदर तक समा जाए. जब ग्रेवी गाढ़ी हो जाए और एक लजीज रंगत आ जाए, तब गैस बंद कर दें. यह स्वादिष्ट कटहल की सब्जी गरमा-गरम चावल या तवा रोटी के साथ खाने में बेजोड़ लगती है. खुशबू कुमारी के इस तरीके से बनी सब्जी को खाकर कोई भी यह नहीं कह पाएगा कि यह मांस नहीं है.
About the Author
बृजेंद्र प्रताप सिंह डिजिटल-टीवी मीडिया में (2021) लगभग 5 सालों से सक्रिय हैं. मेट्रो न्यूज 24 टीवी चैनल मुंबई, ईटीवी भारत डेस्क, दैनिक भास्कर डिजिटल डेस्क के अनुभव के साथ 14 मई 2024 से News.in में सीनियर कंटें…और पढ़ें