Last Updated:

Gond Laddu Recipe: बघेलखंड क्षेत्र में गोंद के लड्डू लोगों की पहली पसंद बन रहे हैं. ये सेहत के लिए फायदेमंद माने जाने वाले इन लड्डुओं में प्रोटीन, कैल्शियम, फास्फोरस और आयरन जैसे कई पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो शरीर को ताकत और ऊर्जा देते हैं. जानें रेसिपी…

Gond Laddu: मध्य प्रदेश के विंध्य क्षेत्र की वादियों में आज भी कई ऐसी पारंपरिक चीजें जीवित हैं, जो स्वाद के साथ सेहत का भी खजाना मानी जाती हैं. इन्हीं में से एक है बबूल के पेड़ से निकलने वाले प्राकृतिक गोंद से बनने वाले लड्डू. गर्मी का मौसम शुरू होते ही बबूल के पेड़ों से गोंद निकलना शुरू हो जाता है, जिसे ग्रामीण और आदिवासी इलाकों में बड़े जतन से इकट्ठा किया जाता है. वर्षों से इस गोंद का उपयोग पौष्टिक लड्डू बनाने में किया जाता रहा है. अब एक बार फिर यह पारंपरिक मिठाई लोगों के बीच लोकप्रिय होती जा रही है.

सीधी की रसोइया प्रियंका सिंह ने बताया कि बबूल के गोंद के लड्डू बनाना बेहद आसान है. बस इसकी सही विधि पता होनी चाहिए. सबसे पहले बबूल के गोंद को अच्छी तरह सुखाकर उसका पाउडर तैयार किया जाता है. इसके बाद कढ़ाही में देसी घी गर्म कर उसमें गेहूं का आटा डालकर धीमी आंच पर भुना जाता है. जब आटे का रंग हल्का भूरा हो जाए, तब उसमें खोआ मिलाकर अच्छे से भून लिया जाता है. दूसरी तरफ चीनी का भूरा या गुड़ तैयार किया जाता है.

ऐसे बनाएं लड्डू 
इसके बाद भुने हुए मिश्रण में चीनी या गुड़ मिलाया जाता है. स्वाद और पौष्टिकता बढ़ाने के लिए इसमें काजू, किशमिश, नारियल और खीरे के बीज जैसे सूखे मेवे भी डाले जाते हैं. वहीं, बबूल के गोंद को अलग से घी या तेल में तला जाता है. तलने के बाद यह मक्का के लावा की तरह फूल जाता है. इसके बाद इसे पूरे मिश्रण में मिलाकर हाथों से गोल आकार देकर स्वादिष्ट लड्डू तैयार किए जाते हैं. प्रियंका के अनुसार, इस रेसिपी का सबसे अहम हिस्सा आटा और खोआ को सही तरीके से भूनना होता है, क्योंकि इसी से लड्डू का स्वाद और खुशबू तय होती है. वहीं, गोंद को तलते समय यह ध्यान रखना जरूरी है कि वह पूरी तरह फूल जाए, तभी लड्डू कुरकुरे और स्वादिष्ट बनते हैं.

सेहत के लिए लाभदायक
आयुर्वेदिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. आरपी परौहा के मुताबिक बबूल के गोंद से बने लड्डू गर्मियों में शरीर के लिए बेहद फायदेमंद माने जाते हैं. यह शरीर को ताकत देने, कमजोरी दूर करने और हड्डियों को मजबूत बनाने में मदद करते हैं. महिलाओं के लिए भी इसे लाभकारी माना जाता है. नियमित सेवन से शरीर को ऊर्जा और जरूरी पोषण मिलता है.

About the Author

Rishi mishra

एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें



Source link

Write A Comment