पटना. पटना की गलियों में स्वाद का खजाना छिपा हुआ है. लिट्टी चोखा से हटकर यहां कई ऐसे फूड आइटम मिलते हैं, जिनके स्वाद के दीवाने सिर्फ बिहारवासी ही नहीं बल्कि दूसरे राज्यों या देश से आने वाले लोग भी हैं. ऐसी ही बेहद पसंद किया जाने वाली स्ट्रीट फूड है बटाटा पूरी. ये अपने चटपटे स्वाद और खास मसाले के लिए काफी मशहूर है. स्ट्रीट फूड लवर्स के बीच इसकी अलग ही पहचान है.
खस्ता पूरी, मसालेदार आलू और तीखी-मीठी चटनी का कॉम्बिनेशन हर किसी को पसंद आता है. चार पहिया एक छोटे से ठेले पर यह पूरे पटना में आसानी से मिल जाता है. सबसे खास बात है कि आप इसी लाजवाब स्वाद को घर पर भी बेहद आसान तरीके से तैयार कर सकते हैं. पटना स्टाइल बटाटा पूरी बनाने की रेसिपी बहुत ही आसान है.
सबसे पहले बात इस फूड आइटम की
कंकड़बाग की आरएमएस कॉलोनी में पिछले करीब 35 वर्षों से बटाटा पूरी का ठेला लगाने वाले उपेंद्र साव बताते हैं कि जब उन्होंने शुरुआत की थी, तब यह स्वादिष्ट स्ट्रीट फूड बहुत कम लोगों द्वारा बेचा जाता था. लेकिन समय के साथ इसकी लोकप्रियता इतनी बढ़ी कि आज पटना के लगभग हर इलाके में यह आसानी से मिल जाता है. पटना में गोलगप्पे के बाद अगर कोई स्ट्रीट फूड सबसे ज्यादा आम है, तो वह बटाटा पूरी ही है.
इसकी सबसे खास पहचान इसका ठेला है. यह एक खास तरह के चार पहिया हाथ से धक्का देकर चलाए जाने वाले स्टाल पर ही बेचा जाता है. पीले रंग के इस ठेले पर बड़े और मोटे अक्षरों में बटाटा पूरी, भेलपुरी और झालमुड़ी के दाम लिखे होते हैं. दिलचस्प बात यह है कि पूरे पटना में लगभग एक जैसे दिखने वाले ये ठेले इसकी अलग पहचान बन चुके हैं.
घर में ऐसे कर सकते हैं तैयार
इसे घर पर बनाना भी काफी आसान है. उपेंद्र साव बताते हैं कि इसके लिए ज्यादा सामान की जरूरत नहीं होती. कुरकुरी पापड़ी के साथ उबले हुए आलू, बारीक कटा प्याज, मसाले, हरा धनिया, सेव और खट्टी-मीठी के साथ तीखी चटनी मिलाकर इसे आसानी से तैयार किया जा सकता है.
घर पर कैसे बनाएं
उपेंद्र साव के अनुसार इसकी रेसिपी बेहद आसान है. सबसे पहले मैदा से छोटी-छोटी पापड़ी तैयार कर लें और उन्हें प्लेट में सजा दें. इसके बाद ऊपर से बारीक कटे हुए उबले आलू डालें. फिर नमक, हरी मिर्च, लाल मिर्च पाउडर और चाट मसाला छिड़कें. अब बारीक कटा प्याज डालकर स्वाद को और बढ़ाएं.
इसके बाद खजूर, गुड़ और टमाटर से बनी मीठी लाल चटनी डालें, फिर हरी मिर्च और इमली की तीखी चटनी मिलाएं. ऊपर से धनिया, जीरा और गोलकी पाउडर छिड़कें. अंत में हरा धनिया और सेव डालकर इसे सजाएं. इस तरह स्वादिष्ट बटाटा पूरी तैयार हो जाती है.
पटना में मिलती है इस रेट पर
पटना में बटाटा पूरी की कीमत आम तौर पर 35 रुपये प्रति प्लेट रही है, लेकिन हाल के दिनों में गैस की कमी के कारण इसके दाम में करीब 5 रुपये की बढ़ोतरी हुई है. अब शहर के अधिकांश ठेलों पर यह 40 रुपये प्रति प्लेट मिल रही है. हालांकि, उपेंद्र साव अभी भी इसे पुराने रेट यानी 35 रुपये प्रति प्लेट पर ही बेच रहे हैं. वे बताते हैं कि उनके यहां इस्तेमाल होने वाले सभी मसाले और चटनियां घर पर ही तैयार की जाती हैं.
इससे स्वाद में अलग ही बात आती है. उनका ठेला कंकड़बाग की आरएमएस कॉलोनी में बाईपास की ओर जाने वाली मुख्य सड़क पर शकुन्तला मेडिकल के पास रोजाना शाम 5 बजे के बाद लगता है. इनके अलावा कंकड़बाग, बोरिंग रोड, राजेंद्र नगर सहित पूरे शहर में लोग बटाटा पूरी के स्वाद के दीवाने हैं.