अक्सर ऐसा होता है कि घर में सब्जियां खत्म हो जाती हैं और समझ नहीं आता कि खाने में क्या बनाया जाए. ऐसे समय में लोग दाल-रोटी या साधारण भोजन खाकर काम चला लेते हैं, लेकिन यदि आप कुछ अलग और स्वादिष्ट बनाना चाहते हैं तो राजस्थानी पापड़ की सब्जी एक बेहतरीन विकल्प हो सकती है. राजस्थान की यह पारंपरिक डिश कम सामग्री में जल्दी तैयार हो जाती है और इसका स्वाद इतना लाजवाब होता है कि इसे खाने के बाद किसी दूसरी सब्जी की कमी महसूस नहीं होती.
खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए ताजी सब्जियों की जरूरत नहीं पड़ती. घर में रखे पापड़, दही और कुछ सामान्य मसालों की मदद से आप मिनटों में स्वादिष्ट सब्जी तैयार कर सकते हैं. यह रेसिपी उन दिनों के लिए बिल्कुल परफेक्ट है जब रसोई में सब्जियां न हों, लेकिन परिवार के लिए कुछ खास बनाना हो. आइए जानते हैं आसान तरीके से राजस्थानी पापड़ की सब्जी बनाने की विधि.
पापड़ की सब्जी के लिए जरूरी सामग्री
5-6 पापड़
1/2 कप दही
2-3 टमाटर
2-3 बड़े चम्मच हरा धनिया
1 बड़ा चम्मच कसूरी मेथी
2-3 बारीक कटी हरी मिर्च
1/2 छोटा चम्मच जीरा
1/4 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
1/4 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
1 इंच अदरक का टुकड़ा
एक चुटकी हींग
स्वादानुसार नमक
बनाने की विधि
सबसे पहले पापड़ों को हल्का सेंक लें. आप चाहें तो इन्हें तवे पर थोड़ा तेल लगाकर भून सकते हैं या सीधे गैस की आंच पर भी सेंक सकते हैं.
इसके बाद दही में आधा कप पानी मिलाकर अच्छी तरह फेंट लें ताकि उसमें कोई गांठ न रहे. अब एक कड़ाही में 2-3 बड़े चम्मच तेल गर्म करें. तेल गर्म होने पर उसमें जीरा, हींग, कद्दूकस किया हुआ अदरक और हरी मिर्च डालकर भूनें.
अब टमाटरों को पीसकर प्यूरी बना लें और इसे कड़ाही में डाल दें. साथ ही हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर और कसूरी मेथी भी मिला दें. मसाले को तब तक पकाएं जब तक तेल अलग दिखाई न देने लगे.
इसके बाद एक कप पानी और स्वादानुसार नमक डालें. ग्रेवी में उबाल आने लगे तो गैस धीमी कर दें और लगातार चलाते हुए दही का मिश्रण डालें. इससे दही फटेगा नहीं.
कुछ मिनट बाद हरा धनिया मिलाएं. आखिर में भुने हुए पापड़ तोड़कर ग्रेवी में डाल दें और 2 मिनट तक पकाएं. आपकी स्वादिष्ट पापड़ की सब्जी तैयार है. इसे रोटी, पराठे या चावल के साथ परोसें.
जरूरी टिप्स
दही को ग्रेवी में डालने से पहले कमरे के तापमान पर जरूर रखें. इससे उसके फटने की संभावना कम रहती है. आप चाहें तो केवल दही या केवल टमाटर से भी ग्रेवी बना सकते हैं. स्वाद बढ़ाने के लिए टमाटर के साथ थोड़ा प्याज भी इस्तेमाल किया जा सकता है.