बरसात का मौसम अपने साथ ठंडी हवाएं, हरियाली और खाने-पीने के ढेरों स्वाद लेकर आता है. इस मौसम में गरमागरम पकौड़ों, पराठों और स्नैक्स के साथ चटनियों का स्वाद खाने का मजा कई गुना बढ़ा देता है. भारतीय रसोई में बरसात के दौरान कुछ खास चटनियां और व्यंजन बेहद लोकप्रिय होते हैं.
पुदीना-धनिया की चटनी- सबसे पहले बात करें पुदीना-धनिया की चटनी की. यह चटनी ताजे पुदीने, हरे धनिए, हरी मिर्च, अदरक, नींबू के रस और नमक से तैयार की जाती है. इसका ताजगी भरा स्वाद पकौड़ों, समोसों और पराठों के साथ खूब पसंद किया जाता है. पुदीना पाचन के लिए भी लाभदायक माना जाता है, इसलिए यह बरसात में एक अच्छा विकल्प है.
लहसुन की लाल चटनी- ये भी मानसून में खूब बनाई जाती है. सूखी लाल मिर्च, लहसुन और थोड़ा सा सिरका या नींबू मिलाकर तैयार की गई यह चटनी तीखे स्वाद के शौकीनों की पहली पसंद होती है. इसे भुट्टे, वडा-पाव और विभिन्न स्नैक्स के साथ परोसा जाता है.
टमाटर की चटनी- बरसात के मौसम में टमाटर की चटनी भी काफी लोकप्रिय है. पके हुए टमाटर, लहसुन, अदरक और मसालों को भूनकर बनाई गई यह चटनी खट्टे-मीठे स्वाद का बेहतरीन संतुलन प्रदान करती है. गरम पराठों और चीला के साथ इसका स्वाद लाजवाब लगता है.
ये भी व्यंजन किये जाते हैं खूब पसंद- चटनियों के अलावा मानसून में कई पारंपरिक व्यंजन भी बड़े चाव से खाए जाते हैं. प्याज, आलू और पालक के पकौड़े लगभग हर घर में बनते हैं. बेसन और मसालों के घोल में डुबोकर तली गई ये कुरकुरी पकौड़ियां चाय और हरी चटनी के साथ मौसम का आनंद दोगुना कर देती हैं.
भुट्टा है बारिश की जान- भुना भी बारिश का खास आकर्षण है. नींबू, नमक और लाल मिर्च लगाकर खाया जाने वाला भुट्टा स्वाद के साथ पौष्टिकता भी देता है. सड़कों और बाजारों में इसकी खुशबू लोगों को अपनी ओर खींचती है.
इनके साथ जरूर लें चटनी का मजा- इसके अलावा मूंग दाल चीला, मेथी पराठा, दही बड़े और गरम मसाला चाय भी बरसाती मौसम के लोकप्रिय व्यंजन हैं. मूंग दाल चीला को पुदीना चटनी के साथ परोसने पर इसका स्वाद और बढ़ जाता है.
बरसात का मौसम स्वादिष्ट और गरम व्यंजनों का आनंद लेने का सर्वोत्तम समय माना जाता है. हरी चटनियों की ताजगी, लहसुन और टमाटर की चटनियों का तीखापन तथा पकौड़ों और भुट्टे का स्वाद इस मौसम को और भी यादगार बना देता है. इसलिए बारिश की फुहारों के बीच इन पारंपरिक व्यंजनों और चटनियों का आनंद लेना भारतीय खानपान संस्कृति का एक खास हिस्सा है.