Last Updated:
Haldi Adrak Soup : अक्सर बरसात में भीगने से सर्दी-खांसी हो जाती है. गले की खराश और कफ से तुरंत राहत के लिए सिर्फ 5 मिनट में बनाएं हल्दी-अदरक का यह टेस्टी मीठा सूप. यह सेहत के लिए तो जबरदस्त है ही, स्वाद में भी लाजवाब है. एक बार जरूर बनाकर देखें ये आसान रेसिपी.
हल्दी और अदरक को आयुर्वेद में औषधीय गुणों का खजाना माना गया है.
Turmeric Ginger Soup Recipe For cold : मानसून की पहली फुहारें जितनी खुशनुमा होती हैं, अपने साथ उतनी ही बीमारियां भी लेकर आती हैं. इस मौसम में अक्सर दफ्तर से घर लौटते समय अचानक बारिश में भीग जाना या बच्चों का पानी में मस्ती करना आम बात है. लेकिन यह मजा तब सजा बन जाता है जब अगले ही दिन गले में खराश, लगातार छींकें और सर्दी-खांसी जैसी समस्याएं घेर लेती हैं.
अगर आप या आपके परिवार का कोई सदस्य बरसात में भीगने की वजह से मौसमी सर्दी-जुकाम की चपेट में आ गया है, तो अंग्रेजी दवाइयों की जगह रसोई में रखी कुछ प्राकृतिक चीजों का रुख करें. आज हम आपको बताने जा रहे हैं एक बेहद आसान, टेस्टी और इम्युनिटी बढ़ाने वाला हल्दी-अदरक का मीठा सूप. यह सूप न सिर्फ गले को तुरंत राहत देगा, बल्कि सिर्फ 5 मिनट में बनकर तैयार हो जाता है.
क्यों फायदेमंद है हल्दी और अदरक का मिक्सचर?
हल्दी और अदरक को आयुर्वेद में औषधीय गुणों का खजाना माना गया है. हल्दी में ‘कर्क्यूमिन’ (Curcumin) नाम का तत्व पाया जाता है, जो एक बेहतरीन एंटी-इंफ्लेमेटरी और एंटीऑक्सीडेंट है. यह शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाता है. वहीं दूसरी ओर, अदरक में ‘जिंजरॉल’ (Gingerol) होता है, जो छाती में जमे कफ को पिघलाने, गले की सूजन को कम करने और शरीर को अंदर से गर्माहट देने का काम करता है. जब इसमें थोड़ा सा शहद या गुड़ मिलाया जाता है, तो इसकी तासीर सर्दी को काटने के लिए दोगुनी असरदार हो जाती है.
सामग्री (Ingredients)
ताजा अदरक: 1 इंच का टुकड़ा (कद्दूकस किया हुआ)
कच्ची हल्दी या हल्दी पाउडर: आधा छोटा चम्मच
काली मिर्च पाउडर: एक चौथाई छोटा चम्मच (यह हल्दी के गुणों को सोखने में मदद करती है)
तुलसी के पत्ते: 4-5 (ऑप्शनल)
देसी खांड या चीनी: 1 से 2 चम्मच (स्वादानुसार मीठे के लिए)
पानी: 2 कप
घी 1 चम्मच
हल्दी-अदरक सूप बनाने की सबसे आसान विधि (5-Minute Recipe)-
स्टेप 1 (घी गर्म करें): सबसे पहले गैस पर एक कढ़ाई रखें और उसे मध्यम आंच पर गर्म होने दें. अब इसमें एक छोटा चम्मच शुद्ध देसी घी डालें.
स्टेप 2 (अदरक-हल्दी भूनें): जब घी अच्छी तरह गर्म हो जाए, तो आंच को बिल्कुल धीमा कर दें. अब इसमें कद्दूकस किया हुआ अदरक और साथ में हल्दी पाउडर डालें. इसे धीमी आंच पर धीरे-धीरे भूनें. कुछ ही सेकंड्स में मसालों की सोंधी खुशबू पूरे कमरे में भर जाएगी.
स्टेप 3 (काली मिर्च जोड़ें): अदरक और हल्दी के हल्का भुन जाने के बाद, इसमें एक चौथाई चम्मच काली मिर्च पाउडर डालें और चम्मच से अच्छी तरह मिला लें.
स्टेप 4 (पानी और उबाल): इस मिश्रण को 1 से 2 मिनट तक भूनने के बाद, कढ़ाई में एक कप पानी डाल दें और सभी चीजों को एक बार चला लें.
स्टेप 5 (धीमी आंच पर पकाएं): अब कढ़ाई को एक ढक्कन से ढक दें. आंच को बिल्कुल कम रखें और इसे 2-3 मिनट के लिए पकने दें ताकि सभी औषधीय तत्वों का अर्क पानी में अच्छी तरह समा जाए.
छानें और परोसें: जब पानी उबलकर करीब डेढ़ कप रह जाए, तो गैस बंद कर दें. सूप को एक बड़े मग या सूप बाउल में छान लें. ऊपर से नींबू का रस निचोड़ें और गरमा-गरम ही घूंट-घूंट करके पिएं.
कब और कैसे पिएं?
इस मीठे सूप का सबसे ज्यादा फायदा तब मिलता है जब इसे रात को सोने से पहले या शाम के वक्त पिया जाए. इसे पीने के बाद कम से कम आधे घंटे तक ठंडा पानी पीने या एसी (AC) में बैठने से बचें. इसकी गर्माहट बंद नाक को खोल देगी और गले के दर्द में तुरंत आराम पहुंचाएगी.
यह सूप सामान्य मौसमी सर्दी-खांसी के लिए एक प्रभावी घरेलू उपाय है. अगर बुखार तेज हो या समस्या 3-4 दिनों से ज्यादा बनी रहे, तो डॉक्टर से सलाह जरूर लें.
About the Author
मैंने लेडी श्रीराम कॉलेज फॉर वूमन से अपनी ग्रेजुएशन और मिरांडा हाउस से मास्टर्स की डिग्री पूरी की है. पत्रकारिता करियर की शुरुआत दूरदर्शन(2009) से की, जिसके बाद दैनिक भास्कर सहित कई प्रमुख अख़बारों में मेनस्ट्र…और पढ़ें