होमफोटोलाइफ़फूड

बाजार जैसा नहीं, उससे भी स्वादिष्ट बनेगा लहसुन का अचार, नोट करें आसान तरीका

Last Updated:

अगर आपको खाने के साथ चटपटा अचार पसंद है, तो घर पर बना लहसुन का अचार बेहतरीन विकल्प हो सकता है. इसे आसानी से तैयार किया जा सकता है और सही तरीके से स्टोर करने पर यह लंबे समय तक स्वाद और ताजगी बनाए रखता है.

भारतीय रसोई में अचार खाने का स्वाद कई गुना बढ़ा देता है. आम, नींबू और मिर्च के अचार की तरह लहसुन का अचार भी लोगों की पसंदीदा चटनीनुमा डिश में शामिल है. इसका तीखा और चटपटा स्वाद दाल-चावल, पराठे, पूरी और सादी रोटी के साथ खाने का मजा बढ़ा देता है. सबसे खास बात यह है कि लहसुन का अचार घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है और सही तरीके से स्टोर करने पर यह लंबे समय तक सुरक्षित रहता है.

एसबीवीपी इंटर कॉलेज के गृह विज्ञान के प्रवक्ता अरुण कुमार सिंह (एमए, बीएड, लखनऊ विश्वविद्यालय) ने लोकल 18 से बातचीत में बताया कि लहसुन का अचार स्वाद बढ़ाने के साथ-साथ कई लोगों के लिए पाचन में भी सहायक माना जाता है. हालांकि, इसका सेवन हमेशा संतुलित मात्रा में करना चाहिए, विशेष रूप से तब जब इसमें नमक और तेल अधिक मात्रा में इस्तेमाल किया गया हो. उनके अनुसार, घर पर बना ताजा लहसुन का अचार बाजार में मिलने वाले अचार की तुलना में अधिक स्वच्छ और स्वादिष्ट होता है.

लहसुन का अचार बनाने के लिए सबसे पहले करीब 250 ग्राम लहसुन की कलियां छील लें. इसके साथ आधा कप सरसों का तेल, एक बड़ा चम्मच राई, एक छोटा चम्मच मेथी दाना, एक छोटा चम्मच सौंफ, आधा छोटा चम्मच कलौंजी, आधा छोटा चम्मच हल्दी पाउडर, एक छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, स्वादानुसार नमक और दो बड़े चम्मच नींबू का रस या सिरका तैयार रखें.

Add News18 as
Preferred Source on Google

सबसे पहले सरसों के तेल को अच्छी तरह गर्म करें और फिर उसे हल्का ठंडा होने दें. इसके बाद एक पैन में राई, मेथी और सौंफ को हल्का भूनकर दरदरा पीस लें. अब एक बड़े बर्तन में लहसुन की कलियां डालें और उसमें हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, नमक, कलौंजी और पिसे हुए मसाले अच्छी तरह मिला दें. इसके बाद गुनगुना सरसों का तेल और नींबू का रस या सिरका डालकर सभी सामग्री को अच्छी तरह मिक्स करें, ताकि मसाला लहसुन की हर कली पर अच्छी तरह चढ़ जाए.

तैयार अचार को पूरी तरह साफ और सूखे कांच के जार में भर दें. ध्यान रखें कि जार में किसी भी तरह की नमी न हो, क्योंकि इससे अचार जल्दी खराब हो सकता है. इसके बाद अचार को 3 से 5 दिनों तक धूप में रखें और रोजाना एक बार सूखे चम्मच से हल्का-सा चला दें. इससे मसालों का स्वाद लहसुन की कलियों में अच्छी तरह समा जाता है और अचार अधिक स्वादिष्ट बनकर तैयार होता है.

लहसुन का अचार स्वाद बढ़ाने के साथ-साथ कई लोगों के लिए पाचन में भी सहायक माना जाता है. हालांकि, इसमें नमक और तेल की मात्रा अधिक हो सकती है, इसलिए इसका सेवन हमेशा संतुलित मात्रा में करना चाहिए. घर पर तैयार किया गया ताजा लहसुन का अचार बाजार में मिलने वाले अचार की तुलना में अधिक स्वच्छ, ताजा और स्वादिष्ट माना जाता है.

न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।



Source link

Write A Comment