Make Crispy Moong Dal Pakoras: बरसात की हल्की-हल्की बारिश शुरू होते ही सबसे पहले गरमा-गरम चाय और कुरकुरे पकौड़ों की याद आती है. बारिश के इस सुहावने मौसम में ‘मूंग दाल पकौड़े’ (जिन्हें कई जगहों पर ‘मंगौड़े’ भी कहा जाता है) से बेहतर और क्या हो सकता है? ये न सिर्फ़ खाने में बहुत स्वादिष्ट होते हैं, बल्कि बेसन से बने पकौड़ों की तुलना में हल्के और आसानी से पचने वाले भी होते हैं. अक्सर लोग शिकायत करते हैं कि घर पर बने पकौड़े बाज़ार जैसे कुरकुरे नहीं बनते या उनमें बहुत ज़्यादा तेल सोख लिया जाता है. अगर आपको भी यह समस्या आती है, तो अब चिंता करने की ज़रूरत नहीं है. आज हम आपके लिए ‘हलवाई’ जैसे सुपर-कुरकुरे मूंग दाल पकौड़े बनाने की एकदम सही रेसिपी और कुछ खास टिप्स लेकर आए हैं…

पकौड़े बनाने के लिए सामग्री
मूंग दाल 1 कप, हरी मिर्च – 2 से 3, अदरक – 1 इंच का टुकड़ा , ताज़ा हरा धनिया – ½ कप, साबुत धनिया और सौंफ – 1-1 छोटा चम्मच, हींग – ¼ छोटा चम्मच, नमक और लाल मिर्च पाउडर और तेल.

बनाने की आसान विधि

दाल को पीस लें: पकौड़े बनाने के लिए सबसे पहले, भीगी हुई मूंग दाल से सारा पानी निकाल दें. अब, दाल को बिना पानी डाले मिक्सर में दरदरा पीस लें. ध्यान रहे कि पेस्ट बहुत महीन या पतला न हो.

मिश्रण तैयार करें: पिसी हुई दाल को एक बड़े कटोरे में निकाल लें. कटी हुई हरी मिर्च, अदरक, ताजा हरा धनिया, हींग, नमक, लाल मिर्च पाउडर और दरदरा कुटा हुआ साबुत धनिया और सौंफ डालें.

मिश्रण को फेंटें: मसाले डालने के बाद, दाल के मिश्रण को अपने हाथों से एक ही दिशा में 3 से 4 मिनट तक अच्छी तरह फेंटें. इससे मिश्रण में हवा भर जाती है, जिससे पकौड़े अंदर से नरम और बाहर से कुरकुरे बनते हैं.

पकौड़े तलें: एक गहरी कड़ाही में तेल अच्छी तरह गरम करें। तेल गरम होने पर आंच धीमी कर दें। पकौड़े बनाने के लिए मिश्रण का थोड़ा-थोड़ा हिस्सा सावधानी से तेल में डालें।

सुनहरा होने तक तलें: पकौड़ों को तुरंत न पलटें. जब वे नीचे से हल्के पक जाएं, तो उन्हें पलट दें और मध्यम-तेज आंच पर सुनहरा भूरा और कुरकुरा होने तक तलें. तैयार पकौड़ों को निकाल लें और टिश्यू पेपर पर रख दें.

अब आपके गरमा-गरम मूंग दाल भजिया तैयार हैं. इसे हरी चटनी, मीठी इमली की चटनी और कड़क अदरक वाली चाय के साथ परोसें और बारिश का भरपूर आनंद लें.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

( Disclaimer : इस खबर में दी गई जानकारी और सलाह विशेषज्ञों से हुई बातचीत पर आधारित है. ये सामान्य जानकारी है, व्यक्तिगत सलाह नहीं. इसलिए किसी भी सलाह को अपनाने से पहले विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें. किसी भी नुकसान के लिए न्यूज-18 जिम्मेदार नहीं रहेगा.



Source link

Write A Comment