अगर आप रोज-रोज दाल-चावल, पुलाव या बेसिक सब्जियां खाकर बोर हो चुके हैं, तो महाराष्ट्रीयन मसाला राइस एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है. यह एक पारंपरिक वन-पॉट डिश है, जिसे बनाने में ज्यादा समय नहीं लगता और इसका स्वाद भी काफी अलग होता है. इस खास राइस रेसिपी में चावल, कई तरह की सब्जियां और महाराष्ट्र का पॉप्यूलर मसाला “गोडा मसाला” इस्तेमाल किया जाता है. सबसे अच्छी बात ये है कि इसे आप रात के बचे चावल से भी बना सकते हैं.

यही मसाला इस डिश की असली पहचान है. इसकी हल्की मिठास, मिट्टी जैसी खुशबू और मसालेदार स्वाद साधारण चावल को भी बेहद स्वादिष्ट बना देता है. यह रेसिपी ऑफिस लंच, बच्चों के टिफिन, फैमिली लंच या हल्के डिनर के लिए एकदम परफेक्ट है. ऐसे में अगर आप घर पर कुछ नया और पौष्टिक बनाना चाहते हैं, तो महाराष्ट्रीयन मसाला राइस जरूर ट्राई करें.

गोडा मसाला क्यों है खास?
महाराष्ट्रीयन मसाला राइस का सबसे जरूरी हिस्सा गोडा मसाला होता है. इसे धनिया, सूखा नारियल, सफेद और काले तिल, जीरा, शाही जीरा, दालचीनी, लौंग, बड़ी इलायची, सूखी लाल मिर्च, हींग और हल्दी जैसे मसालों से तैयार किया जाता है. सभी मसालों को अलग-अलग भूनकर पीसा जाता है, जिससे इसका स्वाद और खुशबू बेहद खास बनती है.

चावल और सब्जियों का चुनाव
इस डिश के लिए लंबे दाने वाले चावल सबसे अच्छे माने जाते हैं. वहीं, सब्जियों में बैंगन, गाजर, आलू, कुंदरू और पत्तागोभी का इस्तेमाल किया जाता है. इसके अलावा आप मटर, शिमला मिर्च या अन्य मौसमी सब्जियां भी मिला सकते हैं. ताजी सब्जियां इस डिश का स्वाद और भी बढ़ा देती हैं.

मसाला राइस बनाने की विधि
एक कड़ाही या मोटे तले वाले बर्तन में घी या तेल गर्म करें. इसमें राई, करी पत्ता और तेजपत्ता डालें. राई चटकने लगे तो सभी कटी हुई सब्जियां डालकर हल्का नरम होने तक पकाएं. अब इसमें हींग, लाल मिर्च पाउडर और गोडा मसाला डालकर करीब 2 मिनट तक भूनें. इसके बाद भीगे हुए चावल डालें और धीरे-धीरे मिलाएं ताकि चावल टूटें नहीं. अब जरूरत के अनुसार पानी और नमक डालकर बर्तन को ढक दें और धीमी आंच पर पकने दें.

बोनस टिप्स
स्वाद बढ़ाने के लिए ऊपर से एक चम्मच देसी घी डालने से इसकी खुशबू और स्वाद दोनों बढ़ जाते हैं. चाहें तो तले हुए काजू भी डाल सकते हैं. महाराष्ट्रीयन मसाला राइस को रायता, छाछ, पापड़ और अचार के साथ परोसा जा सकता है. इसे दाल या सोल कढ़ी के साथ भी खाया जा सकता है. बचा हुआ मसाला राइस पूरी तरह ठंडा होने पर एयरटाइट कंटेनर में भरकर फ्रिज में 2 दिन तक सुरक्षित रखा जा सकता है. दोबारा गर्म करते समय थोड़ा पानी छिड़क दें, ताकि चावल सूखें नहीं.



Source link

Write A Comment