Last Updated:

Homemade Jaggery Making Tips: गुड़ चीनी का हेल्दी विकल्प माना जाता है. लेकिन ज्यादातर लोग बाजार में मिलने वाले गुड़ पर ही निर्भर होते हैं, जबकि मिलावट का खतरा रहता है. ऐसे में आज हम आपको घर गुड़ बनाने का आसान तरीका यहां बता रहे हैं. इसे बनाना भी आसान है, और समय भी ज्यादा नहीं लगता है.

ख़बरें फटाफट

Zoom

बाजार में मिलने वाला गुड़ हमेशा शुद्ध हो, यह जरूरी नहीं है. कई बार इसे ज्यादा चमकदार और आकर्षक दिखाने के लिए इसमें केमिकल, आर्टिफिशियल कलर या अन्य मिलावटी चीजें मिलायी जाती हैं. इस तरह के गुड़ के स्वाद में बहुत फर्क समझ नहीं आता है, लेकिन सेहत के नजरिए से ये बिल्कुल फायदेमंद नहीं होता है.

अगर आप चाय, हलवा, खीर, दलिया या पारंपरिक मिठाइयों में गुड़ का इस्तेमाल करते हैं, तो शुद्ध गुड़ चुनना बेहद जरूरी है. ऐसे में घर पर बना गुड़ एक बेहतर विकल्प हो सकता है. सबसे अच्छी बात ये है कि इसे बहुत ही आसानी और कम सामानों से बनाया जा सकता है. यहां आप घर पर गुड़ बनाने की पूरी विधि जान सकते हैं.

घर पर शुद्ध गुड़ बनाने का तरीका

  • घर पर गुड़ बनाने के लिए सबसे जरूरी चीज है ताजा गन्ने का रस. यदि आपको किसी गन्ना विक्रेता या मिल से ताजा रस मिल जाए, तो आप आसानी से शुद्ध गुड़ तैयार कर सकते हैं.
  • इसके बाद गन्ने के रस को एक साफ कपड़े या महीन छलनी से छान लें, ताकि उसमें मौजूद मिट्टी, घास या अन्य अशुद्धियां निकल जाएं.
  • इसके बाद छने हुए रस को एक मोटे तले वाले बर्तन में डालें और धीमी आंच पर पकाना शुरू करें. जैसे-जैसे रस गर्म होगा, उसकी सतह पर झाग बनने लगेगा. यह झाग अशुद्धियों का मिश्रण होता है, इसलिए इसे समय-समय पर चम्मच की मदद से हटाते रहें. इससे गुड़ का रंग साफ और गुणवत्ता बेहतर बनी रहती है.
  • रस को लगातार पकाते रहें और बीच-बीच में चलाते रहें. कुछ समय बाद रस गाढ़ा होने लगेगा और उसका रंग सुनहरा भूरा दिखाई देने लगेगा. जब मिश्रण अच्छी तरह गाढ़ा होकर गुड़ जैसी स्थिरता में आ जाए, तब गैस बंद कर दें.
  • अब इस तैयार मिश्रण को घी लगी हुई ट्रे, थाली या किसी सांचे में डाल दें. इसे कुछ समय तक ठंडा होने दें. ठंडा होने के बाद यह सख्त हो जाएगा. फिर आप इसे अपनी पसंद के अनुसार छोटे या बड़े टुकड़ों में काट सकते हैं.

घर पर बना गुड़ खाने के फायदे
घर पर बना गुड़ नेचुरल रंग, खुशबू और स्वाद से भरपूर होता है. इसमें आयरन, मैग्नीशियम जैसे कई जरूरी पोषक तत्व भी पाए जाते हैं. यही कारण है कि यह बाजार के मिलावटी गुड़ की तुलना में अधिक पौष्टिक माना जाता है. हालांकि घर पर गुड़ बनाने में थोड़ा समय लगता है, लेकिन इसका स्वाद और शुद्धता मेहनत को पूरी तरह सफल बना देते हैं. इस गुड़ का इस्तेमाल आप चाय, खीर, हलवा, पराठा या किसी भी मीठी डिश में कर सकते हैं. इससे न केवल खाने का स्वाद बढ़ेगा, बल्कि आपको शुद्ध और पौष्टिक मिठास का लाभ भी मिलेगा.

About the Author

शारदा सिंहSenior Sub Editor

शारदा सिंह मध्यप्रदेश की रहने वाली हैं. उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपना सफर शुरू किया. उनके पास डिजिटल मीडिया और लाइफस्टाइल पत्रक…और पढ़ें



Source link

Write A Comment