Sugarcane Juice Recipe: गर्मियों का मौसम आते ही सबसे पहले जो चीज याद आती है, वो है ठंडा-ठंडा गन्ने का जूस. सड़क किनारे खड़े ठेले पर बर्फ से भरे गिलास में मिलता ये जूस देखकर ही मन खुश हो जाता है, लेकिन तेज धूप, गर्म हवा और बाहर निकलने की आलस कई बार इस छोटी सी खुशी को भी दूर कर देती है. ऐसे में अगर आपको घर बैठे वही स्वाद मिल जाए, तो बात ही कुछ और हो जाए. कई लोगों को लगता है कि गन्ने का जूस घर पर बनाना नामुमकिन है, क्योंकि इसके लिए मशीन और ताजा गन्ना चाहिए, लेकिन सच ये है कि आपकी किचन में मौजूद एक आम चीज इस काम को आसान बना सकती है, और वो है गुड़.
गुड़ गन्ने के रस से ही बनता है, इसलिए इसका स्वाद और खुशबू काफी हद तक वही एहसास देती है, अगर सही तरीके से कुछ चीजों को मिलाया जाए, तो आप घर पर ही ऐसा जूस बना सकते हैं जो स्वाद में लगभग बाजार जैसा लगे. सबसे अच्छी बात ये है कि ये साफ-सुथरा भी रहेगा और हेल्थ के लिहाज से भी ज्यादा बेहतर होगा. चलिए जानते हैं इस आसान और मजेदार रेसिपी को.
घर पर गन्ने का जूस बनाने की आसान रेसिपी
जरूरी सामग्री
-गुड़ -आधा कप (कद्दूकस किया हुआ)
-पुदीने के पत्ते -10-15
-नींबू का रस -1-2 चम्मच
-काला नमक -आधा चम्मच
-ठंडा पानी -2 गिलास
-बर्फ के टुकड़े -जरूरत के हिसाब से
-(ऑप्शनल) भुना जीरा पाउडर -थोड़ा सा
बनाने का तरीका
1. गुड़ को घोलना
सबसे पहले गुड़ को छोटे-छोटे टुकड़ों में तोड़ लें और आधे गिलास पानी में 10-15 मिनट के लिए भिगो दें. इससे गुड़ अच्छे से घुल जाएगा और आगे प्रोसेस आसान हो जाएगा.
2. मिक्सिंग की तैयारी
अब मिक्सी का जार लें और उसमें गुड़ वाला पानी डालें. इसके साथ पुदीने के पत्ते, नींबू का रस, काला नमक और बचा हुआ ठंडा पानी डाल दें.
3. ब्लेंड करना
मिक्सी को कुछ सेकंड के लिए चलाएं. ध्यान रखें कि पुदीना अच्छे से पिस जाए और ऊपर हल्का झाग नजर आए. यही झाग जूस को बाजार जैसा लुक देता है.
4. छानकर सर्व करना
अब इस जूस को छलनी से छान लें ताकि कोई मोटा हिस्सा गिलास में न जाए. गिलास में बर्फ डालें और ठंडा-ठंडा सर्व करें.
क्यों खास है ये जूस?
घर पर बना ये जूस सिर्फ स्वाद में ही नहीं, बल्कि सेहत के लिए भी अच्छा है. बाहर मिलने वाले जूस में कई बार सफाई का ध्यान नहीं रखा जाता, जबकि घर पर आप पूरी हाइजीन के साथ इसे बना सकते हैं. इसके अलावा इसमें कोई मिलावट नहीं होती, जिससे ये ज्यादा नेचुरल और फ्रेश लगता है.
कुछ काम के टिप्स
ज्यादा ठंडा स्वाद चाहिए तो पहले से पानी फ्रिज में ठंडा कर लें. अगर स्वाद और बढ़ाना हो तो थोड़ा अदरक का रस भी डाल सकते हैं. गुड़ जितना अच्छा होगा, जूस उतना ही टेस्टी बनेगा.