Tandoori Roti Recipe: बाहर किसी ढाबे या रेस्टोरेंट में मिलने वाली गर्मागर्म तंदूरी रोटी का स्वाद हर किसी को पसंद आता है. ऊपर से हल्का मक्खन, अंदर से नरम और किनारों पर हल्की कुरकुरी परत, यही इसकी पहचान है, लेकिन जब लोग इसे घर पर बनाने की कोशिश करते हैं तो अक्सर रोटी या तो सख्त हो जाती है या फिर उसमें वही तंदूरी फ्लेवर नहीं आ पाता.

अच्छी बात यह है कि इसके लिए महंगे तंदूर या खास मशीन की जरूरत नहीं होती, अगर आटा सही तरीके से तैयार किया जाए और कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखा जाए, तो साधारण तवे पर भी रेस्टोरेंट जैसी तंदूरी रोटी बनाई जा सकती है. आइए जानते हैं ऐसे 5 आसान स्टेप, जिनकी मदद से आपकी तंदूरी रोटी हर बार मुलायम, स्वादिष्ट और बिल्कुल प्रोफेशनल जैसी बनेगी.

आटे की तैयारी ही तय करती है रोटी का स्वाद
तंदूरी रोटी की शुरुआत सही आटे से होती है. इसके लिए एक बड़े बाउल में गेहूं का आटा लें और उसमें दही, थोड़ा-सा बेकिंग पाउडर, चुटकीभर बेकिंग सोडा और स्वादानुसार नमक मिलाएं. अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए करीब 7 से 8 मिनट तक आटा गूंधें. आटा जितना चिकना और मुलायम होगा, रोटी उतनी ही अच्छी बनेगी. कई लोग जल्दबाजी में सख्त आटा गूंध लेते हैं, जिसकी वजह से रोटी भी सख्त बन जाती है. इसलिए इस स्टेप पर थोड़ा समय देना बेहतर रहता है.

आटे को आराम देना बिल्कुल न भूलें
30 मिनट का इंतजार बदल देगा पूरी रोटी का टेक्सचर आटा गूंधने के बाद उसे किसी साफ कपड़े या प्लेट से ढककर कम से कम 30 मिनट के लिए छोड़ दें. इस दौरान आटे में मौजूद ग्लूटेन अच्छी तरह सेट हो जाता है, जिससे रोटी बेलना आसान होता है और पकने के बाद वह ज्यादा मुलायम रहती है. घरों में अक्सर यही स्टेप छोड़ दिया जाता है, जबकि यही छोटी-सी आदत रेस्टोरेंट जैसी रोटी बनाने में सबसे ज्यादा मदद करती है.

सही आकार में बेलें और बराबर मोटाई रखें
आराम किए हुए आटे को 8 से 10 बराबर हिस्सों में बांट लें. हर लोई लगभग नींबू के आकार की होनी चाहिए. बेलने से पहले थोड़ा सूखा आटा जरूर लगाएं ताकि लोई चिपके नहीं. आप चाहें तो इसे गोल या हल्का अंडाकार आकार दे सकते हैं. ध्यान रखें कि रोटी कहीं ज्यादा मोटी और कहीं ज्यादा पतली न हो. बराबर मोटाई होने से रोटी एक जैसी सिकती है और उसका स्वाद भी बेहतर आता है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

पानी लगाने की छोटी-सी ट्रिक देती है बड़ा फर्क
इस स्टेप को छोड़ना पड़ सकता है भारी तंदूरी रोटी बनाते समय सबसे आम गलती यही होती है कि लोग रोटी पर पानी नहीं लगाते. बेलने के बाद रोटी की एक तरफ हल्का पानी ब्रश या हाथ की मदद से लगा दें. यही पानी रोटी को गर्म तवे पर अच्छी तरह चिपकने में मदद करता है. इससे रोटी फूलती भी अच्छी है और उस पर तंदूर जैसा टेक्सचर भी आता है, अगर यह स्टेप छोड़ दिया जाए तो रोटी आसानी से अलग हो सकती है और सही तरीके से नहीं सिकती.

तेज आंच पर पकाएं और आखिर में लगाएं मक्खन
अब एक मोटा तवा तेज आंच पर अच्छी तरह गर्म करें. पानी वाली तरफ से रोटी को तवे पर चिपका दें. कुछ ही सेकंड में रोटी पर छोटे-छोटे बुलबुले बनने लगेंगे और हल्के भूरे या काले निशान दिखाई देंगे. जब एक तरफ अच्छी तरह सिक जाए तो तवे को उल्टा करके सीधे गैस की आंच पर भी सेंका जा सकता है. इससे तंदूर जैसा स्मोकी फ्लेवर आता है. आखिर में रोटी पर मक्खन लगाएं और तुरंत दाल मखनी, पनीर, छोले या अपनी पसंद की किसी भी सब्जी के साथ गरमा-गरम परोसें.

घर की रसोई में भी मिल सकता है रेस्टोरेंट जैसा स्वाद
तंदूरी रोटी बनाना मुश्किल नहीं है. फर्क सिर्फ सही तरीका अपनाने का होता है, अगर आटा अच्छी तरह गूंधा जाए, उसे पर्याप्त आराम मिले, रोटी सही तरीके से बेली जाए और तेज आंच पर पकाई जाए, तो बिना तंदूर के भी शानदार तंदूरी रोटी तैयार की जा सकती है. अगली बार जब घर पर खास डिनर का प्लान बनाएं, तो इन आसान स्टेप्स को जरूर आजमाएं.



Source link

Write A Comment