Last Updated:

Oil Free Puri Recipe: बिना तेल के गुब्बारे जैसी फूली हुई पूरियां बनाने का एक अनोखा किचन हैक इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस ट्रिक में कड़ाही की जगह प्रेशर कुकर का इस्तेमाल किया जाता है, जिससे पूरियां कम तेल या बिना तेल के भी सॉफ्ट और क्रिस्पी बनती हैं. हेल्थ कॉन्शियस लोगों और फिटनेस लवर्स के लिए यह तरीका काफी फायदेमंद माना जा रहा है. इस हैक से तेल और गैस दोनों की बचत होती है. इस ट्रिक को अपनाते समय कुकर की सीटी और रबर निकालने जैसी सावधानियां रखना बेहद जरूरी है.

ख़बरें फटाफट

पाली. क्या आपने कभी सोचा है कि बिना तेल के भी गुब्बारे जैसी फूली हुई पूरियां बनाई जा सकती है? और वो भी कड़ाही में नहीं, बल्कि इस प्रेशर कुकर में! जी हां, इन दिनों एक ऐसा ही अनोखा और जादुई किचन हैक तेजी से ट्रेंड कर रहा है, जिसने हर घर की महिलाओं और फिटनेस लवर्स का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है. अक्सर पूरियां तलने के लिए ढेर सारे तेल की जरूरत होती है, जो सेहत के लिए भी ठीक नहीं होता. लेकिन इस नई ट्रिक से आपकी पूरियां बाहर से एकदम क्रिस्पी और अंदर से बिल्कुल सॉफ्ट बनेंगी. अगर आप भी इस बार कम तेल या बिना तेल के स्वादिष्ट पूरियों का मजा लेना चाहते हैं, तो यह सीक्रेट ट्रिक आपके बहुत काम आने वाली है.

गरमा-गरम दाल और पूरियां… नाम सुनते ही मुंह में पानी आ जाता है ना? सुबह के नाश्ते में अगर ये मिल जाएं, तो समझिए पूरा दिन पेट भरा-भरा सा और मन खुश रहता है. हर कोई इसे चाव से खाना चाहता है, मगर जो लोग अपनी हेल्थ का ध्यान रखते हैं, वो तेल में डूबी इन पूरियों को देखकर अपने कदम पीछे खींच लेते हैं. उन्हें डर सताता है कि कहीं कोलेस्ट्रॉल न बढ़ जाए या वजन न बढ़ जाए. मगर उनके लिए यह ऑयल फ्री रेसीपी काफी फायदेमंद साबित होने वाली है. आमतौर पर पूरियां तलने के लिए काफी तेल की जरूरत पड़ती है, लेकिन इन दिनों सोशल मीडिया पर बिना तेल के कुकर में पूरी बनाने का हैक तेजी से वायरल हो रहा है.

परफेक्ट पूरी के लिए ऐसे तैयार करें आटा

इस ट्रिक को आजमाने के लिए सबसे पहले सामग्री और आटा गूंथने का तरीका समझना जरूरी है. इसके लिए आपको दो कप गेहूं का आटा, थोड़ी सी सूजी (क्रिस्पीपन के लिए), स्वादानुसार नमक और गुनगुना पानी चाहिए. आप चाहें तो आटे में एक चम्मच दही भी मिला सकते हैं, जिससे पूरियां ज्यादा मुलायम बनेंगी. ध्यान रहे, पूरियों का आटा हमेशा थोड़ा सख्त गूंथना चाहिए. बहुत ज्यादा मुलायम आटा होने पर पूरियां ठीक से फूलती नहीं हैं. आटा गूंथने के बाद उसे 15 से 20 मिनट तक ढककर जरूर रखें, ताकि वह अच्छे से सेट हो सके.

कुकर में पूरी बनाने की ‘मैजिक ट्रिक’

अब आती है इस हैक की सबसे खास ट्रिक. सामान्य कड़ाही की जगह यहां आपको प्रेशर कुकर का इस्तेमाल करना है. सबसे पहले कुकर लें और उसके अंदर 1 से 2 गिलास पानी डालें, फिर कुकर के अंदर एक जाली या स्टैंड रखें. इसके बाद एक ऐसी प्लेट लें जो कुकर में आसानी से आ जाए. उस पर हल्का सा तेल लगाकर उसे चिकना (Grease) कर लें ताकि आटा चिपके नहीं. अब बेली हुई पूरियां प्लेट पर रखें और कुकर के अंदर रख दें. तेज आंच पर इसे 3 से 4 मिनट तक भाप में पकने दें. ढक्कन खोलते ही आप देखेंगे कि आपकी पूरी बिल्कुल गुब्बारे जैसी फूल चुकी होगी.

इन बातों का खास तौर पर रखें ध्यान

तेल के बिना इन पूरियों के बनाने के साथ ही इस कुकर हैक का सबसे बड़ा फायदा यह है कि इससे गैस और तेल दोनों की भारी बचत होती है. साथ ही, रसोई में तेल के छींटे उड़ने का झंझट भी खत्म हो जाता है. हालांकि, इसे अपनाते समय कुछ सावधानियां बरतना बेहद जरूरी है. कुकर का ढक्कन लगाते समय उसकी सीटी और रबर जरूर निकाल दें. कुकर को पूरी तरह से लॉक नहीं करना है, सिर्फ ऊपर से ढकना है. बहुत ज्यादा देर तक ढक्कन बंद रखने से पूरियां सख्त हो सकती हैं या जल सकती हैं, इसलिए 3-4 मिनट के समय का विशेष ध्यान रखें.

About the Author

deep ranjan

दीप रंजन सिंह 2016 से मीडिया में जुड़े हुए हैं. हिंदुस्तान, दैनिक भास्कर, ईटीवी भारत और डेलीहंट में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. 2022 से News18 हिंदी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. एजुकेशन, कृषि, राजनीति, खेल, लाइफस्ट…और पढ़ें



Source link

Write A Comment