बेंगलुरु के बसवेश्वर नगर इलाके में एक घर के अंदर बुजुर्ग दंपति के शव मिले हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि दोनों ने अपने घर के अंदर ही आत्महत्या की है। मृतकों की पहचान 73 साल के ईश्वरचारी और 66 साल की गौरी के रूप में हुई है। ये दोनों अपने ही घर के एक कमरे में गुरुवार को मृत पाए गए। पुलिस के मुताबिक इस दंपत्ति की दो बेटियां हैं, जो इनका ख्याल रखती थीं। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक दोनों ही हिप डिसलोकेशन सहित ब्लड प्रेशन, शुगर और अस्थमा बीमारियों से परेशान थे। बसवेश्वर नगर पुलिस में अननैचुरल डेथ का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बेंगलुरू में 11 जुलाई को भी एक ही परिवार के चार लोगों के शव मिले थे।
पिछले सप्ताह भी मिले थे एक दंपति के शव
बेंगलुरु में पिछले सप्ताह भी एक घर के अंदर एक दंपति के शव मिले थे। मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ निवासी मनोज विश्वकर्मा और उनकी पत्नी सपना के रूप में हुई। चन्नाम्मनकेरे अचुकट्टू थाना क्षेत्र के लक्ष्मप्पा गार्डन में दोनों किराए के मकान में रहते थे और बढ़ई का काम करते थे। महिला चार महीने की गर्भवती भी थी। शुरुआती जांच में सामने आया कि 28 वर्षीय व्यक्ति ने अपनी चार माह की गर्भवती पत्नी की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या करने के बाद फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली।
रोज होता था विवाद
पुलिस के अनुसार, दोनों ने करीब तीन वर्ष पहले विवाह किया था और वे बढ़ई का काम करते थे। 16 जुलाई को दोपहर 12 बजे के बीच दोनों के बीच कथित तौर पर कहासुनी हुई। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, “पति ने नायलॉन की रस्सी से पहले पत्नी का गला घोंट दिया और बाद में उसी रस्सी से पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।” घटना का पता तब चला, जब मकान में रहने वाले अन्य लोगों और मकान मालिक ने काफी देर तक कोई जवाब नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, “थाना प्रभारी और सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) मौके पर पहुंचे। दरवाजा खुलवाने पर अंदर व्यक्ति पंखे से लटका मिला। घटना के सही कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।” पुलिस के अनुसार, दंपति पिछले कई वर्षों से बेंगलुरु में रह रहा था। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मनोज पिछले कुछ दिनों से नियमित रूप से काम पर नहीं जा रहा था और पति-पत्नी के बीच अक्सर घरेलू विवाद होते रहते थे।
यह भी पढ़ें-
बेंगलुरू में दिल दहला देने वाला सड़क हादसा, पिकअप वैन ने महिला को कुचला, अस्पताल में हुई मौत
फुटपाथ पर से कब्जा हटाने गए थे अधिकारी, लोगों ने हमला कर दिया, बेंगलुरु से आया चौंकाने वाला Video