Muskmelon Seeds: गर्मियों का मौसम आते ही घर-घर में खरबूजा खूब खाया जाता है. मीठा, रसीला और ठंडक देने वाला यह फल शरीर को ताजगी देता है, लेकिन ज्यादातर लोग इसे खाने के बाद इसके बीज सीधे कूड़ेदान में फेंक देते हैं. यही सबसे बड़ी गलती है. जिन बीजों को लोग बेकार समझते हैं, वही बीज बाजार में महंगे दाम पर मिलने वाले मगज का खजाना होते हैं. कई जगह यह 600 से 800 रुपये किलो तक बिकता है. अच्छी बात यह है कि इसे घर पर बिना ज्यादा मेहनत के तैयार किया जा सकता है, अगर सही तरीका पता हो तो खरबूजे के बीजों से साफ, स्वादिष्ट और काम का मगज निकाला जा सकता है.
यह स्वाद बढ़ाने के साथ सेहत के लिए भी अच्छा माना जाता है. मिठाई, ग्रेवी, ठंडाई और कई खास पकवानों में इसका खूब इस्तेमाल होता है, अगर आप भी अब तक खरबूजे के बीज फेंकते आए हैं, तो आज के बाद ऐसा नहीं करेंगे. यहां जानिए घर पर मगज बनाने का आसान और काम का तरीका.
घर पर ऐसे तैयार करें खरबूजे का मगज
1. सबसे पहले बीज अलग करें
जब भी खरबूजा काटें, उसके सारे बीज एक बड़े बर्तन या बाउल में निकाल लें. कोशिश करें कि बीजों के साथ थोड़ा गूदा भी आए तो कोई दिक्कत नहीं है. बाद में साफ हो जाएगा.
2. पानी डालकर साफ करें
अब बर्तन में पानी डालें और हाथों से हल्के-हल्के चलाएं. इससे बीज और गूदा अलग होने लगेगा. ऊपर तैरता गूदा निकाल दें और नीचे बैठे बीज अलग कर लें.
3. अच्छी तरह धोना जरूरी है
बीजों को छलनी में डालें और साफ पानी से 2 से 3 बार धो लें. ध्यान रखें कि चिपचिपापन बिल्कुल खत्म हो जाए, अगर बीज ठीक से नहीं धोएंगे तो बाद में सूखने पर गंध आ सकती है.
4. धूप में अच्छी तरह सुखाएं
अब साफ किए हुए बीजों को सूती कपड़े या बड़ी थाली में फैलाकर तेज धूप में रख दें. इन्हें 1 से 2 दिन तक सुखाएं. बीच-बीच में हाथ से पलटते रहें ताकि हर तरफ से सूख जाएं. जब बीज दबाने पर कड़क लगें, तब समझ लें कि ये तैयार हैं.
5. हल्के हाथ से तोड़ें छिलका
सूखे बीजों को कपड़े पर रखें और बेलन से हल्का दबाव दें. जोर से नहीं दबाना है, वरना अंदर का दाना टूट सकता है. बस ऊपर का छिलका क्रैक होना चाहिए.
6. फटककर निकालें मगज
अब टूटे हुए बीजों को थाली में लें और हल्का फटकें. ऊपर का हल्का छिलका अलग हो जाएगा और नीचे सफेद मगज बच जाएगा. यही असली काम की चीज है.
7. हल्का भूनकर करें स्टोर
निकाले गए मगज को तवे पर 1 से 2 मिनट सूखा भून लें. इससे नमी खत्म हो जाएगी और स्वाद भी बेहतर आएगा. ठंडा होने पर एयरटाइट डिब्बे में भरकर रखें.
किचन में कैसे करें इस्तेमाल?
1. ग्रेवी को बनाएं रिच
शाही पनीर, मलाई कोफ्ता या किसी भी रिच सब्जी में इसे पीसकर डाल सकते हैं. इससे ग्रेवी गाढ़ी और स्वादिष्ट बनती है.
2. मिठाइयों में बढ़िया स्वाद
हलवा, खीर, बर्फी या लड्डू में डालने से स्वाद और क्रंच दोनों बढ़ जाते हैं.
3. ठंडाई में करें इस्तेमाल
गर्मियों में ठंडाई बनाते समय इसमें मगज डालें. इससे स्वाद और ठंडक दोनों बढ़ते हैं.
4. हेल्दी स्नैक भी है
हल्का भूनकर इसे ऐसे भी खाया जा सकता है. यह पौष्टिक माना जाता है और स्नैक की तरह अच्छा लगता है.
क्यों है फायदे का सौदा?
जिस चीज को लोग फेंक देते हैं, वही घर में बचत करा सकती है. बाजार से महंगा मगज खरीदने की जगह अगर आप घर पर बना लें तो पैसे भी बचेंगे और शुद्ध चीज भी मिलेगी.