Makhana Recipes For Summer: हल्का, कुरकुरा और पोषक तत्वों से भरपूर, मखाना गर्मियों के आहार में शामिल करने के लिए सबसे आसान सुपरफूड्स में से एक है. प्रोटीन, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर, मखाना गर्म दिनों के लिए परफेक्ट स्नैक्स है. गर्मियों में अक्सर भूख कम लगती है या फिर शाम के समय अचानक से कुछ खास खाने को मन कर आता है, ऐसे में आप भारी भोजन नहीं करना चाहते हैं और कुछ हल्का फुल्का नाश्ता करना चाहते हैं तो मखाना आपके लिए अच्छा ऑप्शन बन सकता है. झटपट बनने वाले नमकीन स्नैक्स से लेकर ठंडक देने वाली मीठी चीजों तक, मखाना लगभग हर तरह की भूख को शांत कर सकता है और साथ ही सेहतमंद भी रहता है. इस गर्मी में मखाने का आनंद लेने के कुछ सरल और स्वादिष्ट तरीके…
क्लासिक रोस्टेड मसाला मखाना:
व्यस्त दिनों के लिए यह सबसे आसान और झटपट बनने वाला स्नैक है. इसके लिए आप एक पैन में थोड़ा सा घी या जैतून का तेल डालकर मखानों को कुरकुरा होने तक भूनें. इसमें आप काला नमक, भुना हुआ जीरा पाउडर या फिर काली मिर्च और एक चुटकी चाट मसाला डाल सकते हैं और इस तरह आप क्लासिक रोस्टेड मसाला मखाने का स्वाद ले सकते हैं.
पुदीना मखाना स्नैक:
गर्मियों के लिए एक ताजा और स्वादिष्ट विकल्प है, पुदीना मखाना स्नैक. इसके लिए आप मखाने को भूनें और उसमें सूखे पुदीने का पाउडर, काला नमक और थोड़ा सा नींबू डालकर मिला दें. कुछ हल्का फुल्का नाश्ता करना चाहते हैं तो यह आपके लिए परफेक्ट च्वाइस है.
मखाना रायता:
हल्के लंच के साथ या ठंडक देने वाले स्नैक के रूप में एकदम सही है, मखाना रायता. इसके लिए आपको मखानों को हल्का भून लेना चाहिए और फिर उन्हें ठंडे दही में खीरा, भुना हुआ जीरा पाउडर, काला नमक और धनिया डालकर मिला लें. इसके बाद गर्मियों में मखाने रायते का आनंद लें.
मखाना खीर:
गर्मियों की शामों के लिए एक हल्का और स्वादिष्ट मिठाई है, मखाना खीर. इस खीर को बनाने के लिए मखाने को भूनकर हल्का सा मसल लें और फिर दूध में इलायची, खजूर या गुड़ और कटे हुए मेवे डालकर पका दें. खीर बन जाने के लिए परोसने से पहले ठंडा कर लें और शाम को इसका आनंद लें.
मखाना ट्रेल मिक्स:
चलते-फिरते नाश्ते के लिए बेहतरीन है, मखाना ट्रेल मिक्स. अगर आप यात्रा कर रहे हों और बाहर का कुछ नहीं खाना चाहते हैं तो आपके लिए मखाना ट्रेल मिक्स अच्छा ऑप्शन है. इसके लिए आप भुने हुए मखाने को बादाम, कद्दू के बीज, सूरजमुखी के बीज और सूखे मेवों के साथ मिला दें.
कैरेमल गुड़ मखाना:
बिना ज्यादा गिल्ट महसूस किए मीठे की क्रेविंग को पूरा करें, कैरेमल गुड़ मखाने के साथ. इसके लिए आप गुड़ को थोड़े से पानी में पिघलाएं, फिर भुने हुए मखानों के साथ मिक्स कर दें. कुछ समय तक इनको ठंडा होने दें. फिर इसका परिवार के साथ आनंद लें, ये नई डिश सबको पसंद आएगी.
मखाना चाट:
झटपट, आसान और शाम के लिए एकदम परफेक्ट है, मखाना चाट. जब आपका अचानक से कुछ खाने का मन कर आए तो आप मखाना चाट बना सकते हैं. इसके लिए भुने हुए मखाने को कटे हुए प्याज, टमाटर, खीरा, थोड़ी सी नमकीन, धनिया, नींबू का रस और चाट मसाला के साथ मिला दें. फिर दोस्तों या परिवार के साथ इस चाट का आनंद लें.