Last Updated:

Tonka Torani Cooling Summer Drink Recipe: गर्मियों का मौसम आते ही लोग शरीर को ठंडा रखने के लिए तरह-तरह के पेय पदार्थों की तलाश करते हैं. ऐसे में उड़ीसा का पारंपरिक पेय टोंको तोरानी एक बेहतरीन विकल्प माना जाता है. यह सिर्फ एक शरबत या ड्रिंक नहीं, बल्कि उड़ीसा की संस्कृति और भगवान जगन्नाथ की परंपरा से जुड़ा हुआ एक विशेष पेय है. प्रसिद्ध सेलिब्रिटी शेफ और मास्टरशेफ प्रतिभागी मधुस्मिता सोरेन बताती हैं कि टोंको तोरानी को भगवान जगन्नाथ के प्रसाद के रूप में भी चढ़ाया जाता था और सदियों से लोग इसे गर्मियों में स्वास्थ्यवर्धक पेय के रूप में इस्तेमाल करते आ रहे हैं.

टोंको तोरानी की सबसे खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए किसी महंगे सामान की जरूरत नहीं होती. यह मुख्य रूप से चावल के पानी से तैयार किया जाता है. जब चावल पकाया जाता है, तो उसका अतिरिक्त पानी निकाल लिया जाता है.

इसी पानी को ठंडा करके इसमें लेमनग्रास, कद्दूकस किया हुआ आम अदरक (ये सामान्य अदरक नहीं होती), भुना हुआ जीरा पाउडर, काला नमक या साधारण नमक और स्वादानुसार हरी मिर्च और करी पत्ता मिलाया जाता है. सभी सामग्री को अच्छी तरह मिलाकर कुछ समय के लिए छोड़ दिया जाता है, ताकि उनका स्वाद पूरी तरह घुल जाए. इसके बाद इसे ठंडा करके परोसा जाता है.

यह पेय स्वाद में हल्का खट्टा, नमकीन और बेहद ताजगी देने वाला होता है. गर्मी में शरीर से निकलने वाले पानी और जरूरी मिनरल्स की कमी को पूरा करने में यह काफी मददगार माना जाता है. चावल का पानी शरीर को ऊर्जा देता है, जबकि अदरक पाचन क्रिया को बेहतर बनाता है. कच्चा आम अदकर, करी पत्ता और लेमनग्रास इसके स्वाद को बढ़ाने के साथ-साथ शरीर को ठंडक भी पहुंचाते हैं.

Add News18 as
Preferred Source on Google

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, टोंको तोरानी गर्मी से होने वाली थकान, डिहाइड्रेशन और पेट की समस्याओं से राहत दिलाने में सहायक हो सकती है. इसमें मौजूद प्राकृतिक तत्व पेट को ठंडा रखने में मदद करते हैं और पाचन तंत्र को भी मजबूत बनाते हैं. यही कारण है कि उड़ीसा के ग्रामीण इलाकों से लेकर शहरों तक लोग इसे गर्मियों में नियमित रूप से पीते हैं.

अगर आप भी इस भीषण गर्मी में कुछ पारंपरिक, स्वादिष्ट और स्वास्थ्यवर्धक पेय की तलाश कर रहे हैं, तो उड़ीसा का मशहूर टोंको तोरानी जरूर आजमाएं. कम खर्च में तैयार होने वाला यह पेय न केवल शरीर को ठंडक पहुंचाता है, बल्कि भारतीय परंपरा और स्वाद का अनूठा अनुभव भी कराता है. आपने इस तरह का ड्रिंक पहले पिया भी नहीं होगा. खास बात यह है कि यह घर का बना शुद्ध पेय, बहुत कम सामान में तैयार हो जाता है.



Source link

Write A Comment