Bharwan Aam Ka Achar Recipe: गर्मियों का मौसम आते ही बाजार में कच्चे आम की खुशबू हर किसी को अपनी ओर खींच लेती है. घरों में इसी समय अचार बनाने की तैयारी भी शुरू हो जाती है. कई लोगों के लिए आम का अचार सिर्फ खाने की चीज नहीं, बल्कि बचपन की यादों और घर के स्वाद से जुड़ा एहसास होता है. खासकर भरवां आम का अचार अपनी अलग पहचान रखता है, क्योंकि इसमें मसालों का भरपूर स्वाद आम के अंदर तक पहुंच जाता है.

दादी-नानी के हाथों का बनाया हुआ भरवां आम का अचार आज भी खाने की थाली का स्वाद बढ़ा देता है. परफेक्ट अचार बनाने के लिए सिर्फ मसाले डालना काफी नहीं होता, बल्कि आम की सही किस्म, मसालों का संतुलन और तेल की मात्रा का ध्यान रखना भी जरूरी होता है. अगर आप पहली बार घर पर आम का अचार बनाने की सोच रहे हैं तो यह आसान रेसिपी आपके लिए मददगार हो सकती है.

भरवां आम का अचार बनाने के लिए सामग्री
भरवां आम का अचार बनाने के लिए आपको ज्यादा चीजों की जरूरत नहीं होती. घर में मौजूद कुछ सामान्य मसालों से भी स्वादिष्ट अचार तैयार किया जा सकता है.

सामग्री:
1. कच्चे और सख्त आम – 1 किलो
2. सरसों का तेल – 500 ग्राम
3. सौंफ – 4 बड़े चम्मच
4. मेथी दाना – 2 बड़े चम्मच
5. राई (सरसों के दाने) – 4 बड़े चम्मच
6. हल्दी पाउडर – 2 बड़े चम्मच
7. लाल मिर्च पाउडर – 3 बड़े चम्मच
8. नमक – स्वाद अनुसार
9. हींग – आधा चम्मच
10. कलौंजी – 1 चम्मच

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

भरवां आम का अचार बनाने की स्टेप बाई स्टेप विधि

Step 1: आम को तैयार करें
सबसे पहले कच्चे आमों को अच्छी तरह धो लें और कपड़े से पोंछकर पूरी तरह सुखा लें. ध्यान रखें कि आम में पानी बिल्कुल नहीं रहना चाहिए, वरना अचार जल्दी खराब हो सकता है. अब आम को इस तरह काटें कि उसके टुकड़े अलग न हों और उसमें मसाला भरा जा सके. अगर आम ज्यादा सख्त है तो उसे कुछ देर धूप में रखने से काटना आसान हो जाता है.

Step 2: अचार का मसाला तैयार करें
एक बड़ी प्लेट में सौंफ, मेथी दाना, राई, कलौंजी, हल्दी, लाल मिर्च, नमक और हींग डालकर अच्छी तरह मिला लें. कुछ लोग मसालों को हल्का भूनकर भी इस्तेमाल करते हैं, इससे अचार की खुशबू और स्वाद और बढ़ जाता है. अब तैयार मसाले में थोड़ा सरसों का तेल मिलाएं ताकि भरावन आसानी से बन सके.

Step 3: आम में मसाला भरें
अब कटे हुए आमों में तैयार मसाला अच्छी तरह भर दें. कोशिश करें कि मसाला आम के अंदर तक पहुंचे. यही तरीका भरवां आम के अचार को सामान्य आम के अचार से अलग स्वाद देता है. सभी आमों में मसाला भरने के बाद इन्हें साफ और सूखे कांच के जार में रखें.

Step 4: तेल डालकर अचार तैयार करें
अब जार में इतना सरसों का तेल डालें कि आम पूरी तरह तेल में डूब जाएं. तेल अचार को सुरक्षित रखने में मदद करता है और धीरे-धीरे मसालों का स्वाद आम में मिल जाता है. जार को कुछ दिनों तक धूप में रखें. रोजाना एक बार साफ और सूखे चम्मच से अचार को हल्का हिला दें.

भरवां आम का अचार लंबे समय तक कैसे रखें?
अचार को हमेशा सूखे कांच के जार में रखें. जार में गीला चम्मच डालने से बचें. अगर अचार में तेल ऊपर की तरफ बना रहता है तो इसके खराब होने की संभावना कम होती है. कई घरों में अचार को सालभर तक संभालकर रखा जाता है. सही तरीके से बनाया गया भरवां आम का अचार रोटी, पराठे, दाल-चावल या खिचड़ी हर चीज के साथ स्वाद बढ़ा देता है.



Source link

Write A Comment