भारत बनाम श्रीलंका सीरीज का आखिरी मैच अब अपने सबसे रोचक दौर में है। वैसे तो शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया ने मैच में अपनी पकड़ मजबूत कर रखी है, लेकिन उसे सबसे ज्यादा चिंता बारिश की होगी। इससे पहले भी करीब करीब हर दिन बारिश मैच में खलल डालती रही है, अगर मैच के आखिरी दिन गुरुवार को भी ऐसा ही हुआ तो मुकाबला ड्रॉ हो जाएगा। इससे शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम इंडिया को भारी नुकसान होगा। मैच अगर बराबरी पर समाप्त हुआ तो डब्ल्यूटीसी यानी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में क्या असर पड़ेगा, ये देखना काफी दिलचस्प होगा।
मौजूदा अंक तालिका में भारत पांचवें और श्रीलंका छठे स्थान पर काबिज
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2027 की ताजा अंक तालिका पर नजर डालें तो इस वक्त भारतीय टीम पांचवें और श्रीलंकाई टीम छठे स्थान पर है। भारत का पीसीटी अभी 53.33 का है और श्रीलंका का पीसीटी 33.33 का है। टीम इंडिया ने अगर मैच अपने नाम किया तो क्या होगा, भारत और श्रीलंका की टीमें कहां पहुंच जाएंगी, ये तो हम आपको बताएंगे, लेकिन पहले ड्रॉ को लेकर समझते हैं।
भारत बनाम श्रीलंका दूसरा टेस्ट ड्रॉ हुआ तो भारत का घट जाएगा पीसीटी
अगर भारत बनाम श्रीलंका टेस्ट सीरीज का दूसरे मैच में बारिश आई और पूरे दिन का खेल नहीं हो पाया तो भारत का पीसीटी 53.33 से घटकर 51.52 फीसदी हो जाएगा, यानी भारत को नुकसान का सामना करना पड़ेगा। इसकी वजह ये है कि WTC के नियमों के तहत जीत पर 100% अंक यानी 12 प्वाइंट्स मिलते हैं, जबकि ड्रॉ होने पर सिर्फ 33.33% अंक यानी चार ही अंक मिलेंगे। भारत का पीसीटी 53.33 का है और इसमें अगर 33.33 का प्रतिशत जोड़ा जाएगा तो औसत इससे कम ही आएगा। यानी भारत का पीसीटी कम हो जाएगा। वहीं श्रीलंका का जो औसत अभी 33.33 का है, उसे कोई असर नहीं पड़ेगा। यानी अच्छा खेल दिखाने के बाद भी भारतीय टीम को नुकसान हो जाएगा।
जीत के बाद टीम इंडिया नंबर 5 से सीधे आ जाएगी नंबर 4 पर
अब अगर टीम इंडिया मैच जीत जाती है, जिसकी वो हकदार भी है तो भारत का पीसीटी 53.33 से बढ़कर 57.58 का हो जाएगा। यानी भारतीय टीम सीधे नंबर पांच से उठकर चौथे नंबर पर पहुंच जाएगी। अभी बांग्लादेश की टीम 55.56 के पीसीटी के साथ नंबर चार पर है। यानी भारत का पीसीटी बांग्लादेश से ज्यादा हो जाएगा। इससे भारत चौथे और बांग्लादेश की टीम पांचवें नंबर पर खिसक जाएगी। वहीं हार के बाद श्रीलंका पीसीटी 33.33 से घटकर 27.78 का रहा जाएगा। उसे नुकसान होगा।
भारत बनाम श्रीलंका दूसरे टेस्ट में कैसा रहेगा पांचवें दिन का मौसम
सुबह 9 बजे : 49 फीसदी बारिश
सुबह 10 बजे : 84 फीसदी बारिश
सुबह 11 बजे : 84 फीसदी बारिश
दोपहर 12 बजे : 81 फीसदी बारिश
दोपहर 1 बजे : 49 फीसदी बारिश
दोपहर 2 बजे : 58 फीसदी बारिश
दोपहर 3 बजे : 63 फीसदी बारिश
दोपहर 4 बजे : 56 फीसदी बारिश
शाम 5 बजे : 49 फीसदी बारिश
शाम 6 बजे : 49 फीसदी बारिश
(गुरुवार को बारिश की संभावना भारतीय समय अनुसार दी गई है)
यह भी पढ़ें
साउथ अफ्रीका के खिलाड़ी ने कर दिया क्रिकेट से रिटायरमेंट का ऐलान, 21 साल के करियर का होगा अंत
बाबर आजम की क्या हो पाएगी इंग्लैंड के लॉर्ड्स टेस्ट में वापसी, खुद बताया कितने हैं फिट