Last Updated:
Bhojpur Traditional Khurma: बिहार का भोजपुर जिला अपनी ऐतिहासिक धरोहरों के साथ-साथ अपने खास जायके के लिए भी विश्व प्रसिद्ध है. यहां का उदवंतनगर आज महज एक प्रखंड या बाजार भर नहीं है, बल्कि अपनी एक अनूठी पहचान खुरमा के लिए जाना जाता है. यह मिठाई यहां के लोगों की जुबान पर तो बसती ही है. साथ ही यह पूरे इलाके की अर्थव्यवस्था की मुख्य कड़ी बन चुकी है.
उदवंतनगर में खुरमा बनाने की परंपरा करीब एक सदी पुरानी है. वरिष्ठ पत्रकार विजय ओझा बताते हैं कि इसकी शुरुआत महज एक छोटी सी दुकान से हुई थी. जहां बहुत ही सीमित मात्रा में खुरमा तैयार किया जाता था. लेकिन इसकी बेमिसाल मिठास ने देखते ही देखते इसे पूरे जिले में लोकप्रिय बना दिया. आज यहां 12 से 15 बड़ी दुकानें संचालित हैं. जहां रोजाना औसतन 30 से 35 किलो खुरमा की बिक्री होती है.
खुरमा की सबसे बड़ी खासियत इसकी निर्माण विधि है. इसे बनाने में आज भी आधुनिक मशीनों के बजाय पारंपरिक तरीके और शुद्धता का विशेष ध्यान रखा जाता है. इसमें शुद्ध देसी घी, दूध से बना पनीर (छेना) और उत्तम दर्जे के मैदे का इस्तेमाल होता है. यही कारण है कि शादी-विवाह हो या कोई बड़ा त्योहार, उदवंतनगर का खुरमा भोजपुर की हर दावत का अनिवार्य हिस्सा बन चुका है.
यह मिठाई सिर्फ दुकानदारों तक सीमित नहीं है. बल्कि इसने एक विशाल रोजगार चक्र तैयार कर दिया है.खुरमा के लिए भारी मात्रा में दूध की खपत होती है. रघुपुर और आसपास के गांवों के सैकड़ों दूध उत्पादकों की आजीविका सीधे तौर पर इस व्यापार से जुड़ी है. पनीर और खोवा तैयार करने वाले कारीगरों के लिए यह साल भर रोजगार का साधन है. किराना दुकानदार (मैदा-चीनी की आपूर्ति), पैकेजिंग कर्मी और परिवहन से जुड़े लोग भी इसी व्यापार के दम पर अपना परिवार चला रहे हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google
स्थानीय बाजार में तो खुरमा की रौनक देखते ही बनती है. खासकर त्योहारों के सीजन में यहां व्यापार कई गुना बढ़ जाता है. लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि इस पारंपरिक मिठाई में राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने की पूरी क्षमता है. यदि इसे बेहतर पैकेजिंग, ब्रांडिंग और आधुनिक मार्केटिंग के साथ जोड़ा जाए तो यह न केवल भोजपुर बल्कि पूरे बिहार के लिए बड़े गर्व की बात होगी.
उदवंतनगर का खुरमा इस बात का जीता-जागता उदाहरण है कि कैसे एक लोकल उत्पाद वोकल होकर पूरे क्षेत्र के विकास का इंजन बन सकता है. इसकी मिठास में सिर्फ चीनी की चाशनी नहीं, बल्कि सैकड़ों परिवारों की मेहनत और सुनहरे भविष्य की उम्मीदें घुली हुई हैं.