मयंक यादव एक बार फिर से चर्चा में हैं। काफी लंबे वक्त के बाद उनकी वापसी भारतीय टीम में हो रही है। सीरीज में उन पर नजर रहेगी, साथ ही अशोक शर्मा को भी टीम में शामिल किया गया है। उन्होंने भी आईपीएल में अपनी रफ्तार से सबको चौंका दिया था। क्या भारत बनाम जिम्बाब्वे सीरीज में अशोक शर्मा को अपना डेब्यू करने का मौका मिलेगा। ये देखना अहम होगा। इस बीच भारत के दो स्पीड स्टार आगामी सीरीज में सुर्खियां बटोर सकते हैं। 

मयंक यादव करीब दो साल बाद टीम इंडिया के लिए खेलेंगे मैच

भारतीय क्रिकेट टीम जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन टी20 मैचों की सीरीज खेलने के लिए तैयार है। सीरीज का पहला मैच 23 जुलाई को खेला जाएगा। बीसीसीआई ने पहले ही टीम इंडिया का ऐलान कर दिया था। कप्तानी श्रेयस अय्यर करेंगे, वहीं मयंक यादव की भी वापसी हो गई है। मयंक यादव ने अपना आखिरी टी20 इंटरनेशनल मैच अक्टूबर 2024 में खेला था। इसके बाद उन्हें चोट लग गई, जो एक के बाद एक बढ़ती रही रहीं। इससे दिक्कत ये हुई कि उन्हें पीठ का स्ट्रेस फ्रैक्चर भी सामने आया। मयंक ने आईपीएल 2025 का पूरा सीजन मिस किया था। इस साल खेले गए आईपीएल में वे अपनी टीम के लिए उपलब्ध थे, लेकिन उन्हें केवल चार ही मैच खेलने का मौका मिला, इसमें उन्हें एक ही सफलता हाथ लगी। खास बात ये रही कि उनका इकॉनमी 11.37 का रहा। 

अशोक शर्मा ने 154 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से की गेंदबाजी

अब जब मयंक की वापसी हो रही है तो देखना होगा कि वे क्या उसी रफ्तार से बॉलिंग करते हैं या​ फिर चोटों ने उनकी स्पीड कम कर दी है। इस बीच आईपीएल 2026 के दौरान अशोक शर्मा की रफ्तार ने भी सभी का ध्यान अपनी ओर खींचने का काम किया। अशोक ने 154 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी की। हालां​कि वे इसे पूरा मैच में मेंटेन नहीं रख पाए, फिर भी वे 150 की स्पीड से लगातार गेंदबाजी करते हुए नजर आए। इसके बाद भी उन्हें आईपीएल में अपनी टीम गुजरात टाइटंस के लिए उतने मौके नहीं मिल पाए, जो मिलने चाहिए थे। 

कप्तान श्रेयस अय्यर को अभी तक अपनी पहली जीत की तलाश, प्लेइंग इलेवन चुनना होगी चुनौती

अब भारत के दो स्पीड स्टार एक साथ टीम में खेलते हुए नजर आ सकते हैं। मयंक का खेलना तो करीब करीब तय माना जा रहा है, अगर वे​ पूरी तरह से फिट हुए तो, लेकिन क्या अशोक शर्मा को अपना पहला इंटरनेशनल मैच खेलने का मौका मिलेगा, ये देखना दिलचस्प होगा। कप्तान श्रेयस अय्यर अपनी पहली जीत की तलाश में हैं। उनकी कप्तानी में टीम ने अब तक दो सीरीज खेली हैं और हर दफा हार का ही मुंह देखना पड़ा है। श्रेयस बल्लेबाजी तो ठीक कर रहे हैं, लेकिन उनकी कप्तानी सवालों के घेरे में है। अब वे पहले मैच में किस प्लेइंग इलेवन के साथ मैदान में उतरेंगे, ये देखना मजेदार होगा। 

यह भी पढ़ें 

रिंकू सिंह के लिए वापसी का मौका, टी20 वर्ल्ड कप के बाद हो गए थे टीम से बाहर

तीन साल बाद टीम इंडिया में एंट्री और सीधे बने कप्तान, अब श्रेयस अय्यर के सामने बड़ी चुनौती

Latest Cricket News





Source link

Write A Comment