गोंदिया: महाराष्ट्र के भंडारा जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां एक हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। बताया जा रहा है कि हेलिकॉप्टर में चार लोग सवार थे। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और विजिबिलिटी कम होने की वजह से हेलिकॉप्टर को आगे ले जाने में दिक्कत सामने आने लगी। इसके बाद हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। ये हेलिकॉप्टर नागपुर से रायपुर जा रहा थे। हालांकि इमरजेंसी लैंडिंग के बाद उन्होंने नागपुर वापस जाने का फैसला किया। जानकारी के मुताबिक हेलिकॉप्टर में सवार सभी चार लोग सुरक्षित हैं और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। घटना के समय हेलिकॉप्टर कुछ देर तक आसमान में चक्कर लगाता रहा। ये घटना मोहाड़ी तहसील में मोहगांव-निलाज रोड के पास भिसारी झील के पास हुई है। 

कम विजिबिलिटी की वजह से करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग

अधिकारियों ने बताया कि रविवार को महाराष्ट्र के भंडारा जिले में खराब मौसम की वजह से विज़िबिलिटी कम होने पर चार लोगों को ले जा रहे एक हेलिकॉप्टर की झील के पास इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। उन्होंने बताया कि मोहाड़ी तहसील में मोहगांव-निलाज रोड के पास हुई इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। एक अधिकारी ने बताया, “एक प्राइवेट कंपनी का हेलिकॉप्टर नागपुर से रायपुर जा रहा था, तभी सुबह करीब 11 बजे पायलट को खराब मौसम का सामना करना पड़ा।” हेलिकॉप्टर ने इमरजेंसी लैंडिंग करने से पहले कुछ देर तक भिसारी झील के ऊपर चक्कर लगाए।

हेलिकॉप्टर में सवार सभी लोग बताए जा रहे सुरक्षित

अधिकारियों ने बताया कि झील में पानी का स्तर कम होने की वजह से उस इलाके में काफी खुली जगह थी, जिसे पायलट ने हेलिकॉप्टर उतारने के लिए चुना। उन्होंने बताया कि एक घंटे तक वहीं रुकने के बाद, मौसम ठीक होने पर हेलिकॉप्टर वापस नागपुर के लिए उड़ गया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी अभिषेक नामदास ने कहा, “हेलिकॉप्टर में चार लोग सवार थे और वे सभी सुरक्षित हैं।” गोंदिया के बिरसी एयरपोर्ट के डायरेक्टर गिरीशचंद्र वर्मा के मुताबिक, उन्हें जानकारी मिली थी कि पायलट उनके एयरपोर्ट पर लैंड करना चाहता था, लेकिन बाद में उसने नागपुर वापस जाने का फैसला किया। (इनपुट- पीटीआई)

यह भी पढ़ें-

रोहित पवार के PA की नाबालिग बेटी का मिला शव, मां से नाराज होकर निकली थी घर से





Source link

Write A Comment