महाराष्ट्र के अंबरनाथ से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है, मां के लिव-इन पार्टनर की कथित बेरहमी का शिकार बने सात वर्षीय मासूम ने मुंबई के केईएम अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। आरोप है कि आरोपी ने बेलन और लातों से बच्चे के गुप्तांग और पूरे शरीर पर बेरहमी से पिटाई किया। अंबरनाथ पुलिस ने आरोपी विकास सिंह को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, अब बच्चे की मौत के बाद उसके खिलाफ हत्या की धारा जोड़ने की तैयारी की जा रही है। 

पुलिस के मुताबिक, 25 वर्षीय आरोपी विकास सिंह मृतक बच्चे की मां के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। महिला अपने पति से अलग होने के बाद अपने सबसे छोटे बेटे के साथ अंबरनाथ में आरोपी के घर रह रही थी, जबकि उसके दो बड़े बच्चे अपने पिता के साथ रहते हैं।

जांच में हुए हैरान कर देने वाले खुलासे

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी बच्चे को इसलिए नापसंद करता था क्योंकि वह अपनी मां के साथ सोता था और उसे अपने संबंधों में बाधा मानता था। आरोप है कि पिछले कई दिनों से आरोपी महिला के काम पर जाने के बाद बच्चे के साथ मारपीट करता था। बच्चे ने इसकी शिकायत अपनी मां से भी की थी, जिसके बाद मां ने आरोपी को चेतावनी दी थी। इसके बावजूद 17 जुलाई को आरोपी ने मासूम की बेलन से बेरहमी से पिटाई की और उसके गुप्तांग पर कई बार लात मारी, जिससे उसे गंभीर अंदरूनी चोटें आईं। घायल बच्चे को पहले उल्हासनगर के सेंट्रल अस्पताल ले जाया गया, हालत बिगड़ने पर उसे सायन अस्पताल और फिर मुंबई के केईएम अस्पताल रेफर किया गया, जहां आईसीयू में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

आरोपी किया जा चुका है गिरफ्तार

वारदात के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए दावा किया कि बच्चे के साथ अज्ञात लोगों ने मारपीट की है, लेकिन पुलिस को उसके बयान पर शक हुआ। जांच और पूछताछ में पूरा मामला सामने आ गया, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। अंबरनाथ की एसीपी शैलेश काले और पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शब्बीर सैयद ने बताया कि बच्चे की मौत के बाद आरोपी के खिलाफ हत्या की धारा जोड़ी जा रही ह। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है। इससे पहले पुणे से सटे कात्रज इलाके में किशोर की हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर गाड़ी में बांधकर जुलूस निकाला।

(अंबरनाथ से सुनील शर्मा की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ेंः महाराष्ट्र में साड़ी नहीं लाने पर पत्नी ने पति की हत्या की, प्रेशर कुकर के ढक्कन से पीटने के बाद घोंटा गला

सिया और उसके बॉयफ्रेंड ने पहले केतन को घायल करने की रची थी साजिश, बाद में बदला था इरादा, पुलिस का बड़ा खुलासा





Source link

Write A Comment