Mushroom Recipe: रविवार का दिन अक्सर परिवार के साथ आराम से बैठकर स्वादिष्ट खाना खाने के लिए सबसे खास माना जाता है. पूरे सप्ताह की भागदौड़ के बाद जब घर में कुछ अलग और रेस्टोरेंट जैसा बनाने का मन हो, तब ऐसी डिश की तलाश रहती है जो स्वाद में दमदार हो, बनाने में बहुत मुश्किल न हो और हर किसी को पसंद भी आए, अगर आप भी इस संडे लंच को थोड़ा खास बनाना चाहते हैं तो मसालेदार मशरूम घी रोस्ट एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है.
तटीय कर्नाटक के मशहूर फ्लेवर से प्रेरित यह डिश अपने गाढ़े मसाले, घी की खुशबू और हल्के तीखे स्वाद के लिए जानी जाती है. मशरूम का मुलायम टेक्सचर जब भुने हुए मसालों और घी के साथ मिल जाता है तो हर निवाला अलग ही स्वाद देता है. इसे मालाबार पराठा, नीर डोसा, चपाती या गर्म चावल के साथ परोसकर आप घर पर ही रेस्टोरेंट जैसा अनुभव पा सकते हैं.
क्यों खास है मशरूम घी रोस्ट?
मशरूम घी रोस्ट की सबसे बड़ी खासियत इसका मसाला है. इसमें कश्मीरी लाल मिर्च, धनिया, सौंफ, जीरा, काली मिर्च, काजू और इमली का संतुलित इस्तेमाल किया जाता है. यही मसाला इस डिश को हल्का तीखा, खुशबूदार और गाढ़ा स्वाद देता है. घी में पकने की वजह से इसका फ्लेवर और भी गहरा हो जाता है. अगर आपके घर में कोई शाकाहारी है और वह हर रविवार कुछ नया खाने की इच्छा रखता है, तो यह डिश उसकी पसंदीदा बन सकती है. मशरूम खुद भी प्रोटीन और कई जरूरी पोषक तत्वों का अच्छा स्रोत माना जाता है, इसलिए स्वाद के साथ पोषण भी मिलता है.
सामग्री
200 ग्राम साफ और कटे हुए मशरूम, 3 बड़े चम्मच घी, 5 कश्मीरी सूखी लाल मिर्च, डेढ़ चम्मच धनिया, डेढ़ चम्मच सौंफ, 1 छोटा चम्मच जीरा, आधा छोटा चम्मच काली मिर्च, 1 से 2 चम्मच इमली का पेस्ट, 6 से 7 भीगे हुए काजू, 5 से 6 लहसुन की कलियां, एक छोटा टुकड़ा अदरक, एक टहनी करी पत्ता, स्वादानुसार नमक, कटा हुआ हरा धनिया और जरूरत के अनुसार पानी.
कैसे बनाएं मशरूम घी रोस्ट
सबसे पहले तैयार करें मसाले का बेस
सबसे पहले कश्मीरी लाल मिर्च और काजू को करीब 15 मिनट तक गर्म पानी में भिगो दें. इससे मिर्च नरम हो जाएगी और मसाला पीसते समय अच्छी तरह तैयार होगा. इसके बाद धनिया, सौंफ, जीरा और काली मिर्च को धीमी आंच पर हल्का भून लें. मसालों को पूरी तरह ठंडा होने दें. अब भुने हुए मसालों में भीगी हुई मिर्च, काजू, अदरक, लहसुन, इमली का पेस्ट और थोड़ा पानी डालकर मुलायम पेस्ट तैयार कर लें.
मशरूम को हल्का भूनें
एक कड़ाही में एक बड़ा चम्मच घी गर्म करें. इसमें कटे हुए मशरूम डालें और मध्यम आंच पर दो से तीन मिनट तक हल्का सुनहरा होने तक भून लें. इसके बाद इन्हें अलग निकालकर रख दें.
अब पकाएं घी रोस्ट मसाला
उसी पैन में बचा हुआ घी डालें और गर्म होने पर करी पत्ता डाल दें. फिर तैयार मसाला पेस्ट डालकर धीमी आंच पर पकाएं. जब मसाले की कच्ची खुशबू खत्म हो जाए और घी किनारों से अलग दिखाई देने लगे, तब समझिए कि मसाला तैयार है. अब जरूरत के अनुसार थोड़ा पानी मिलाएं ताकि ग्रेवी आपकी पसंद के अनुसार बन सके, अगर मशरूम से कोई पानी निकला हो तो उसे भी इसमें मिला दें. स्वादानुसार नमक डालकर मसाले को कुछ मिनट तक उबलने दें.
आखिर में मिलाएं मशरूम
अब भुने हुए मशरूम वापस पैन में डालें और अच्छी तरह मसाले में मिला दें. दो से तीन मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं ताकि मशरूम मसाले का पूरा स्वाद अपने अंदर ले सके. आखिर में ऊपर से ताजा कटा हरा धनिया डालें.
किन चीजों के साथ परोसें?
मशरूम घी रोस्ट का स्वाद मालाबार पराठा, नीर डोसा, चपाती, बटर नान या गर्म उबले चावल के साथ सबसे अच्छा लगता है, अगर घर में मेहमान आने वाले हों तो इसे संडे स्पेशल मेन्यू का हिस्सा बनाया जा सकता है. इसके साथ दही या हल्का सलाद भी परोसा जाए तो पूरा भोजन और संतुलित बन जाता है.
घर में भी मिलेगा रेस्टोरेंट जैसा स्वाद
अक्सर लोग सोचते हैं कि रेस्टोरेंट जैसा स्वाद घर पर लाना आसान नहीं है, लेकिन सही मसालों का संतुलन और पकाने का तरीका इस धारणा को बदल सकता है. मशरूम घी रोस्ट इसका बेहतरीन उदाहरण है. इसमें इस्तेमाल होने वाले लगभग सभी मसाले आसानी से रसोई में मिल जाते हैं और थोड़ी सी तैयारी के बाद यह डिश कम समय में तैयार हो जाती है, अगर इस रविवार आप परिवार के साथ कुछ नया और स्वादिष्ट खाना चाहते हैं, तो यह रेसिपी जरूर आजमा सकते हैं.