Golgappa Making Tips: गोलगप्पे का नाम सुनते ही मुंह में पानी आ जाता है. बाहर बाजार में मिलने वाली पतली, कुरकुरी और गुब्बारे जैसी फूली हुई पूरी देखकर अक्सर लगता है कि इन्हें घर पर बनाना आसान नहीं होगा. खासकर जब घर पर पूरी तलते समय वह फूलने के बजाय चपटी रह जाए या तेल में जाते ही नरम पड़ जाए. लेकिन असल खेल आटे की तैयारी से लेकर बेलने और तलने के तरीके तक छिपा है.

कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखा जाए तो घर पर भी गोलगप्पे की ऐसी पूरियां बनाई जा सकती हैं, जो देखने में गोल, खाने में कुरकुरी और पानी भरते ही आसानी से न टूटें. अगर आपकी भी पूरियां अक्सर नहीं फूलतीं, तो ये 5 आसान तरीके काम आ सकते हैं.

गोलगप्पे की पूरी फुलाने के 5 तरीके

1. आटा न ज्यादा नरम रखें, न ज्यादा सख्त

गोलगप्पे की पूरी के लिए आटा गूंथते समय पानी एक साथ डालने की गलती न करें. सूजी या आटे के मिश्रण में पानी थोड़ा-थोड़ा डालकर सख्त आटा गूंथें. आटा बहुत नरम होगा तो पूरियां बेलते समय मोटी हो सकती हैं और तलने पर अच्छी तरह नहीं फूलेंगी. आटा गूंथने के बाद इसे करीब 15 से 20 मिनट ढककर जरूर रखें.

2. आटे को अच्छी तरह मसलना है जरूरी

सिर्फ आटा गूंथ लेना काफी नहीं है. गोलगप्पे की पूरी फूली हुई बनाने के लिए आटे को कुछ मिनट तक हथेली से दबाकर और मसलकर चिकना करना जरूरी है. इससे आटा एकसार होता है और बेलते समय उसमें दरारें कम आती हैं. यही छोटी-सी मेहनत पूरियों के टेक्सचर में बड़ा फर्क डाल सकती है.

3. पूरी न बहुत मोटी हो, न बहुत पतली

बेलते समय सबसे ज्यादा ध्यान मोटाई पर दें. अगर पूरी बहुत मोटी होगी तो वह बीच से कच्ची रह सकती है और अगर बहुत पतली होगी तो तलते समय जल्दी सख्त होकर फूलने से पहले ही सिक सकती है. कोशिश करें कि पूरी की मोटाई लगभग एक जैसी रहे. सभी पूरियां एक ही आकार की हों, इसके लिए छोटे ढक्कन या कटर की मदद भी ली जा सकती है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

4. तेल का तापमान सही रखें

गोलगप्पे की पूरी फूलने में तेल का तापमान अहम भूमिका निभाता है. तेल बहुत ठंडा होगा तो पूरी तेल सोख सकती है और फूलने में परेशानी होगी. वहीं बहुत तेज गर्म तेल में डालने पर ऊपर की सतह तुरंत सख्त हो सकती है. पहले तेल को अच्छी तरह गर्म करें, फिर पूरी डालकर उसे हल्के हाथ से दबाएं. जैसे ही पूरी फूलने लगे, उसे पलट दें और दोनों तरफ से सुनहरा व कुरकुरा होने तक तलें.

5. पूरियां बेलकर तुरंत तलें

गोलगप्पे की पूरियां बेलकर बहुत देर तक खुली हवा में रखने से उनकी सतह सूख सकती है. इससे किनारे ठीक से चिपकते नहीं और पूरी तलते समय फटने की संभावना बढ़ जाती है. इसलिए थोड़ी-थोड़ी पूरियां बेलें और उन्हें तुरंत गर्म तेल में डालें. तैयार पूरियों को निकालकर पूरी तरह ठंडा होने दें, तभी उन्हें डिब्बे में रखें.

छोटी गलती बिगाड़ सकती है पूरी मेहनत

घर पर गोलगप्पे बनाते समय अक्सर लोग आटा गूंथने पर ध्यान देते हैं, लेकिन तलने के समय जल्दबाजी कर बैठते हैं. तेल का तापमान, पूरी की मोटाई और उसे सही समय पर पलटना तीनों चीजें बराबर जरूरी हैं. पहली खेप में अगर सभी पूरियां न फूलें तो घबराने की जरूरत नहीं. अगली खेप में तेल और बेलने की मोटाई को थोड़ा एडजस्ट करके फर्क साफ नजर आ सकता है.



Source link

Write A Comment