Pineapple Raita Recipe: गर्मियों का मौसम आते ही खाने की पसंद बदलने लगती है. भारी और मसालेदार चीजों की जगह लोग हल्का, स्वादिष्ट और ठंडक देने वाला खाना पसंद करते हैं. ऐसे समय में रायता सबसे बढ़िया ऑप्शन माना जाता है, क्योंकि यह स्वाद भी देता है और पेट को आराम भी पहुंचाता है, अगर आप रोजाना बूंदी या खीरे का रायता खाकर बोर हो चुके हैं, तो इस बार कुछ नया ट्राई कर सकते हैं. अनानास रायता स्वाद में मीठा, हल्का खट्टा और बेहद फ्रेश लगता है. दही की ठंडक और अनानास की मिठास मिलकर ऐसा मजेदार स्वाद देती है जिसे बच्चे भी खुशी से खाते हैं.

खास बात यह है कि इसे बनाना बहुत आसान है और कम समय में तैयार हो जाता है, अगर घर पर मेहमान आने वाले हों या लंच को थोड़ा खास बनाना हो, तो यह डिश आपके खाने की शोभा बढ़ा सकती है. आइए जानते हैं घर पर टेस्टी और ठंडा अनानास रायता बनाने का आसान तरीका.

गर्मी में क्यों खाना चाहिए अनानास रायता?
गर्मी के दिनों में शरीर जल्दी थक जाता है और पानी की कमी भी महसूस होने लगती है. ऐसे में दही से बनी चीजें शरीर को ठंडक देती हैं. अनानास में मौजूद रसदार गुण शरीर को ताजगी देते हैं. जब दोनों साथ मिलते हैं तो स्वाद के साथ राहत भी मिलती है.

अनानास रायता बनाने के लिए जरूरी सामान
-ताजा दही – 2 कप
-बारीक कटा अनानास – 1 कप
-चीनी या पिसी चीनी – 2 बड़े चम्मच
-भुना जीरा पाउडर – आधा छोटा चम्मच
-काला नमक – चौथाई छोटा चम्मच
-लाल मिर्च पाउडर – एक चुटकी
-बारीक कटा पुदीना या हरा धनिया
-अनार के दाने सजाने के लिए

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

बनाने का आसान तरीका

1. दही को करें तैयार
सबसे पहले ताजा दही लें और उसे अच्छी तरह फेंट लें ताकि उसमें गुठलियां न रहें और वह स्मूद हो जाए.

2. मसाले मिलाएं
अब इसमें चीनी, काला नमक और भुना जीरा डालें. सारी चीजों को अच्छे से मिक्स करें.

3. अनानास डालें
अब बारीक कटे अनानास के टुकड़े इसमें डाल दें, अगर आप ज्यादा मुलायम स्वाद चाहते हैं तो अनानास को हल्का सा चीनी के साथ पकाकर भी डाल सकते हैं.

4. सजावट करें
तैयार रायते को सर्विंग बाउल में निकालें. ऊपर से लाल मिर्च पाउडर, पुदीना और अनार के दाने डालें.

5. ठंडा करके परोसें
रायते को 30 मिनट फ्रिज में रख दें. इसके बाद ठंडा-ठंडा सर्व करें.

बच्चों को क्यों पसंद आएगा ये रायता?
बच्चों को अक्सर खट्टा-मीठा स्वाद पसंद आता है. अनानास की मिठास और दही का क्रीमी टेस्ट इसे बच्चों के लिए मजेदार बना देता है, अगर बच्चा फल खाने में नखरे करता है, तो यह अच्छा तरीका हो सकता है.

खाने के साथ कैसे करें सर्व?
-वेज पुलाव के साथ
-पराठे के साथ
-दाल-चावल के साथ
-बिरयानी के साथ
-गर्मियों के लंच में साइड डिश के रूप में

ध्यान रखने वाली बातें
हमेशा ताजा दही इस्तेमाल करें. ज्यादा खट्टा दही न लें. अनानास मीठा और पका हुआ होना चाहिए. सर्व करने से पहले ठंडा जरूर करें.



Source link

Write A Comment