घर में बनने वाले पारंपरिक मिठाइयों की बात हो और बेसन के लड्डू का जिक्र न आए, ऐसा मुश्किल है. देसी घी की खुशबू, भुने हुए बेसन का गजब स्वाद और मुंह में जाते ही घुल जाने वाली इसकी टेक्सचर हर किसी को पसंद आती है. त्योहार हो, पूजा हो या अचानक मीठा खाने का मन, बेसन के लड्डू हर मौके पर परफेक्ट माने जाते हैं. अच्छी बात यह है कि इन्हें घर पर बहुत आसानी से बनाया जा सकता है. अगर बेसन को सही तरीके से भून लिया जाए, तो लड्डू बिल्कुल हलवाई जैसे स्वादिष्ट बनते हैं.

बेसन के लड्डू बनाने के लिए सामग्री. लगभग 12 से 15 लड्डू बनाने के लिए आपको चाहिए.

2 कप बेसन
¾ कप देसी घी
1 कप पिसी चीनी
2 बड़े चम्मच सूजी
1 छोटा चम्मच इलायची पाउडर
8 से 10 बादाम बारीक कटे हुए
8 से 10 काजू कटे हुए
थोड़ा पिस्ता गार्निश के लिए
1 बड़ा चम्मच किशमिश
बेसन को धीमी आंच पर करें अच्छी तरह भूनें

सबसे पहले एक भारी तले की कड़ाही लें और उसमें देसी घी डालकर हल्का गर्म करें. अब इसमें बेसन और सूजी डाल दें. सूजी डालने से लड्डुओं में हल्का दानेदार टेक्सचर आता है, जो स्वाद को और बेहतर बनाता है.

इसके बाद धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए बेसन को भूनना शुरू करें. शुरुआत में मिश्रण थोड़ा भारी लगेगा, लेकिन धीरे-धीरे बेसन घी छोड़ने लगेगा और उसका रंग सुनहरा होने लगेगा. करीब 15 से 20 मिनट तक लगातार भूनने के बाद इसमें से शानदार खुशबू आने लगेगी. यही स्टेप बेसन के लड्डू का असली स्वाद तय करता है. ध्यान रखें कि बेसन को तेज आंच पर न भूनें, वरना वह ऊपर से भुन जाएगा लेकिन अंदर से कच्चा रह सकता है.

ड्राई फ्रूट्स डालकर बढ़ाएं स्वाद
जब बेसन अच्छी तरह भुन जाए, तब उसमें कटे हुए बादाम, काजू और किशमिश डाल दें. अब इसे 2 मिनट तक और भूनें ताकि ड्राई फ्रूट्स का स्वाद भी अच्छे से घुल जाए. आखिर में इलायची पाउडर मिलाएं, जिससे लड्डुओं में शानदार खुशबू आएगी. अब गैस बंद कर दें और मिश्रण को हल्का ठंडा होने दें. ध्यान रखें कि मिश्रण बहुत ज्यादा गर्म न हो, क्योंकि गर्म बेसन में चीनी डालने से वह पिघल सकती है और लड्डू चिपचिपे बन सकते हैं.

ऐसे बनाएं परफेक्ट गोल लड्डू
जब मिश्रण हल्का गुनगुना रह जाए, तब उसमें पिसी चीनी डालकर अच्छी तरह मिला लें. अब हाथों में थोड़ा घी लगाएं और मिश्रण को हथेली की मदद से गोल-गोल लड्डू का आकार दें. अगर मिश्रण सूखा लगे और लड्डू बांधने में परेशानी हो, तो उसमें 1 से 2 चम्मच गर्म घी और मिला सकते हैं. तैयार लड्डुओं के ऊपर पिस्ता लगाकर गार्निश करें.

बेसन के लड्डू बनाते समय रखें ये जरूरी बातें
अगर आप ज्यादा मुलायम लड्डू चाहते हैं, तो महीन बेसन का इस्तेमाल करें. वहीं हलवाई जैसी दानेदार टेक्सचर के लिए मोटा बेसन और थोड़ी सूजी मिलाना बेहतर माना जाता है. देसी घी की क्वालिटी भी स्वाद में बड़ा फर्क लाती है, इसलिए अच्छे घी का इस्तेमाल करना जरूरी है.

कई दिनों तक कर सकते हैं स्टोर
बेसन के लड्डू को एयरटाइट कंटेनर में रखकर 10 से 15 दिनों तक आसानी से स्टोर किया जा सकता है. चाय के साथ या मीठा खाने की क्रेविंग होने पर ये एक परफेक्ट ऑप्शन माने जाते हैं. घर पर बने बेसन के लड्डू सिर्फ स्वाद ही नहीं, बल्कि भारतीय परंपरा और अपनापन भी साथ लेकर आते हैं. एक बार सही तरीके से बना लिए जाएं, तो हर कोई इनकी तारीफ किए बिना नहीं रह पाएगा.



Source link

Write A Comment