पटियाला के घुम्मन नगर इलाके में एक मकान देखने पहुंचे कपल पर अचानक एक पालतू कुत्ते ने हमला कर दिया। कुत्ता पिटबुल नस्ल का था, जिसने सीधे महिला का पैर पकड़ा। जब महिला को उसके पति ने बचाने की कोशिश की तो कुत्ते ने उसकी भी पीठ चबा ली। हमले में घायल शख्स अंकित सभरवाल के शरीर पर कई टांके आई है। वहीं, उनकी पत्नी के हाथों और पैरों की सर्जरी हुई है। अंकित ने न्याय की मांग की है।

घायल अंकित की आपबीती

मंगलवार शाम प्रॉपर्टी डीलर के बुलावे पर घर देखने पहुंचे अंकित और उनकी पत्नी शिफाली को अंदाजा भी नहीं था कि उनके साथ इतना दर्दनाक हादसा हो जाएगा। मीडिया से बातचीत में अंकित ने बताया, “मैं अपनी पत्नी के साथ एक घर देखने जा रहा था। मुझे किराए के लिए प्रॉपर्टी देखने बुलाया गया था। जैसे ही हम वहां पहुंचे और गेट की कुंडी खोली, कुत्ते ने हम पर हमला कर दिया। मैं और मेरी पत्नी घायल हो गए। मेरे शरीर पर कई टांके आए हैं। मेरी पत्नी के हाथों और पैरों की भी सर्जरी हुई है। सर्जरी के बाद मेरी पत्नी को निगरानी में रखा गया है। मुझे न्याय चाहिए। अंकित ने बताया कि हमले के दौरान मालिक के कहने पर और बाकी लोगों के रोकने पर भी कुत्ता नहीं रुका।  

अंकित ने आगे बताया, अगर आसपास के लोग डंडे लेकर न दौड़ते, तो पिटबुल हमारी गर्दन फाड़ देता और हमें जिंदा न छोड़ता। हमें सिर्फ और सिर्फ सख्त कानूनी कार्रवाई और इंसाफ चाहिए।

वहीं, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के बाद अब पुलिस भी हरकत में आ गई है। पुलिस ने इस मामले में स्वयं संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने यह साफ कर दिया है कि अस्पताल से आधिकारिक सूचना मिलते ही डॉग के मालिक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 291 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया जाएगा।

CCTV में कैद पिटबुल अटैक का वीडियो

वहीं, सोशल मीडिया पर इस हमले का एक दिल दहला देने वाला वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ लोग एक घर के बाहर खड़े हैं, तभी अचानक घर के अंदर से निकला एक पिटबुल कुत्ता वहां मौजूद लोगों पर हमला कर देता है। हमले के दौरान एक महिला उसकी चपेट में आ जाती है और पिटबुल उसे बुरी तरह घायल कर देता है।

75 सेकेंड में दोनों को 26 बार काटा

चीखें सुनकर घर से एक महिला हाथ में डंडा लेकर बाहर आती है और कुत्ते को मारने की कोशिश करती है, लेकिन पिटबुल पीछे हटने के बजाय नोचता रहता है। इसके बाद आसपास के दो-तीन स्थानीय नागरिक डंडे लेकर पहुंचते हैं  और दंपति को कुत्ते के जबड़े से छुड़ाने की कोशिश करते हैं। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि आसपास मौजूद लोग महिला को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। लोग कुत्ते को डंडों से मारते हुए उसे छुड़ाने का प्रयास करते हैं, लेकिन पिटबुल काफी देर तक महिला को नहीं छोड़ता।

दिल दहला देगा VIDEO

इस हमले में महिला को 14 और पति को 12 बार काटा गया, जिसके बाद पड़ोसियों ने उन्हें बचाया। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में दहशत का माहौल बताया जा रहा है। एक बार फिर पिटबुल कुत्तों की आक्रामकता और सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

वहीं, आपको बता दें कि इसी साल यूपी के हापुड़ से मानवता को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया था। यहां एक बुजुर्ग व्यापारी पर दबंगों ने पिटबुल कुत्ता छोड़ दिया था। कुत्ते ने बुजुर्ग को बुरी तरह नोंचा और काटा। 

(रिपोर्ट- शिव भगत)

यह भी पढ़ें-

पिटबुल का खूनी हमला… गली में खेल रहे बच्चे का कान फाड़ दिया; CCTV में कैद हुई बर्बरता

ऑटो-रिक्शा के अंदर पिटबुल कुत्ते से बच्चे को कटवाया गया, पास बैठा हंसता रहा डॉगी का मालिक-VIDEO





Source link

Write A Comment