Last Updated:
Simple Melody Toffee Recipe: पीएम मोदी ने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को मेलोडी टॉफी गिफ्ट की, जिसके बाद भारत में सभी लोग मेलोडी टॉफी खरीदने लगे. देखते ही देखते ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर मेलोडी टॉफी आउट ऑफ स्टॉक हो गई. यह टॉफी अगर बाजार में उपलब्ध नहीं है, तो इसे घर पर आसानी से बनाया जा सकता है. चॉकलेट, कंडेंस्ड मिल्क, बटर और कोको पाउडर की मदद से आप बिल्कुल बाजार जैसी स्वादिष्ट टॉफी तैयार कर सकते हैं.
घर पर आसान रेसिपी से चॉकलेट टॉफी बना सकते हैं.
Simple Chocolate Toffee Recipe: एक जमाने में बच्चों को टॉफी खाने का बड़ा शौक था. बचपन में आपने भी कई तरह की टॉफियां खाई होंगी. अब टॉफी का ट्रेंड कम हो गया है और चॉकलेट का चलन बढ़ गया है. हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 5 देशों की यात्रा पर गए और आखिर में इटली पहुंचे. वहां मोदी ने इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी को मेलोडी टॉफी का पैकेट गिफ्ट कर दिया, जिसके बाद हर कोई मेलोडी टॉफी का स्वाद चखना चाह रहा है. पीएम मोदी का यह वीडियो जैसे ही सामने आया, वैसे ही लोगों ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर मेलोडी टॉफी खरीदना शुरू कर दिया. इससे कुछ ही घंटों में स्टॉक खत्म हो गया.
अब भी कई लोग ऑनलाइन मेलोडी टॉफी खोज रहे हैं, ताकि वे इसका स्वाद ले सकें. अगर आपका मन भी मेलोडी टॉफी खाने का कर रहा है, तो अच्छी बात यह है कि आप इसे घर पर भी आसानी से बना सकते हैं. थोड़ी सी सामग्री और सही तरीके से आप बिल्कुल बाजार जैसी टॉफी तैयार कर सकते हैं. मेलोडी टॉफी मुख्य रूप से चॉकलेट और कारमेल का कॉम्बिनेशन होती है, जिसके अंदर लिक्विड चॉकलेट फिलिंग होती है. इसका बाहर का हिस्सा थोड़ा सख्त और अंदर से सॉफ्ट और गूई होता है. यही वजह है कि इसका स्वाद बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता है. घर पर इसे बनाने में ज्यादा मुश्किल नहीं होती, बस सही टेक्सचर और समय का ध्यान रखना जरूरी होता है.
टॉफी बनाने के लिए जरूरी सामग्री
अगर आप घर पर मेलोडी टॉफी बनाना चाहते हैं, तो इसके लिए ज्यादा चीजों की जरूरत नहीं होती. आपको 1 कप मिल्क चॉकलेट, 2 से 3 चम्मच कोको पाउडर, 1/2 कप कंडेंस्ड मिल्क, 2 चम्मच मक्खन, 2 से 3 चम्मच चीनी, थोड़ा सा वनीला एसेंस और चॉकलेट कोटिंग के लिए एक्स्ट्रा पिघली चॉकलेट की जरूरत होगी. इन चीजों से आप घर पर टॉफी तैयार कर सकते हैं.
मेलोडी टॉफी बनाने की आसान विधि
सबसे पहले एक पैन में मक्खन गर्म करें और उसमें कंडेंस्ड मिल्क डालें. इसे धीमी आंच पर लगातार चलाते रहें ताकि यह जले नहीं. अब इसमें कोको पाउडर और चीनी डालकर अच्छे से मिक्स करें. इसके बाद इसमें मिल्क चॉकलेट डालें और तब तक पकाएं जब तक मिश्रण गाढ़ा और स्मूद न हो जाए. फिर इसमें थोड़ा वनीला एसेंस डालकर गैस बंद कर दें. अब इस मिश्रण को हल्का ठंडा होने दें. इसके बाद छोटे-छोटे हिस्सों में भरकर टॉफी का आकार दें. चाहें तो बीच में थोड़ा और लिक्विड चॉकलेट फिलिंग डालकर इसे और ज्यादा टेस्टी बना सकते हैं.
टॉफी को सेट और स्टोर कैसे करें
तैयार टॉफी को बटर पेपर पर रखकर फ्रिज में 1 से 2 घंटे के लिए सेट होने दें. जब यह पूरी तरह से सख्त हो जाए, तो आप इसे एयरटाइट कंटेनर में स्टोर कर सकते हैं. यह टॉफी फ्रिज में रखने पर कई दिनों तक अच्छी रहती है. ठंडी होने के बाद इसका स्वाद और भी बेहतर लगता है. घर पर बनी टॉफी में आप अपनी पसंद के अनुसार चीनी और चॉकलेट की मात्रा कंट्रोल कर सकते हैं. इसमें किसी तरह के प्रिजर्वेटिव नहीं होते, जिससे यह बच्चों के लिए भी अपेक्षाकृत सुरक्षित मानी जाती है. इसे बनाना भी एक मजेदार किचन एक्टिविटी हो सकती है.
About the Author
अमित उपाध्याय News18 हिंदी की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें