नई दिल्लीः देश के कई राज्यों में आज भी आंधी-तूफान के साथ झमाझम बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, ओडिशा, गंगा के मैदानी इलाकों वाले पश्चिम बंगाल और अरुणाचल प्रदेश में बहुत भारी बारिश की चेतावनी (ऑरेंज अलर्ट) जारी की है। अगले 24 घंटे के दौरान में छत्तीसगढ़, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, झारखंड, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में भी भारी बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने अगले तीन-चार दिनों में अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, तेलंगाना, बिहार और विदर्भ में आंधी-तूफान के साथ बिजली गिरने और तेज़ हवाएं चलने का भी अनुमान लगाया है।
पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश के आसार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, रविवार को हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भारी बारिश हो सकती है, जबकि उत्तराखंड में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की भी संभावना है। उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का अनुमान है। छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, पश्चिमी मध्य प्रदेश और विदर्भ में भी भारी बारिश हो सकती है।
बिहार, झारखंड और ओडिशा में कैसा रहेगा मौसम
रविवार को बिहार में भारी बारिश हो सकती है, साथ ही आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। झारखंड और ओडिशा में भी भारी बारिश और आंधी-तूफान की संभावना है और दोनों राज्यों के कुछ हिस्सों में तेज हवाएं चल सकती हैं। आने वाले दिनों में झारखंड और ओडिशा में व्यापक बारिश जारी रहने की उम्मीद है।
पूर्वोत्तर राज्यों में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भारी बारिश हो सकती है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी भारी बारिश की संभावना है। पूर्वोत्तर के कुछ हिस्सों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना है।