Last Updated:
Khichiya Sabzi Recipe: राजस्थान की पारंपरिक मारवाड़ी रसोई अपने अनोखे स्वाद और सरल व्यंजनों के लिए जानी जाती है. इन्हीं में से एक लोकप्रिय और स्वादिष्ट डिश है खिचिया सब्जी, जिसे कम सामग्री और कम समय में आसानी से तैयार किया जा सकता है. यह व्यंजन खासतौर पर उन लोगों के लिए बेहतरीन विकल्प है जो जल्दी बनने वाली लेकिन स्वाद से भरपूर रेसिपी पसंद करते हैं. खिचिया पापड़, मसालों और कुछ सामान्य घरेलू सामग्री से बनने वाली यह सब्जी तीखे और चटपटे स्वाद का शानदार अनुभव देती है. ग्रामीण राजस्थान से लेकर शहरी घरों तक यह डिश काफी पसंद की जाती है. इसे रोटी, बाजरे की रोटी या पराठे के साथ परोसा जा सकता है. कम खर्च और आसान विधि के कारण यह व्यंजन हर घर की पसंद बनता जा रहा है.
जालौर: राजस्थान की मारवाड़ी रसोई हमेशा से अपनी सादगी और देसी स्वाद के लिए मशहूर रही है. ऐसी ही एक खास और झटपट बनने वाली रेसिपी है—खिचिया सब्जी, जिसे आज भी कई घरों में बड़े चाव से बनाया और खाया जाता है. इस पारंपरिक रेसिपी को पीढ़ियों से आगे बढ़ाने में दादी तारा देवी जैसे अनुभवी बुजुर्गों का अहम योगदान रहा है, जिन्होंने इस देसी स्वाद को हमेशा जीवित रखा. 80 वर्षीय दादी तारा देवी बताती हैं कि…खिचिया सब्जी उन दिनों की देन है जब घर में ताजी सब्जियां उपलब्ध नहीं होती थीं, लेकिन स्वादिष्ट और पौष्टिक भोजन बनाना जरूरी होता था. ऐसे में साधारण सामग्री से बनी यह डिश परिवार की पहली पसंद बन जाती थी.
इसे बनाने की आसान विधि तारा देवी ने लोकल18 को जानकारी देते हुए बताया कि सबसे पहले खिचिया पापड़ को छोटे-छोटे टुकड़ों में तोड़ लिया जाता है. यह इस रेसिपी का मुख्य आधार होता है. इसके बाद एक बाउल में लाल मिर्च पाउडर, हल्दी, धनिया पाउडर और नमक मिलाकर एक हल्का मसाला तैयार किया जाता है. इसमें थोड़ा पानी मिलाकर पतला पेस्ट बना लिया जाता है, जिससे सब्जी का स्वाद और भी बढ़ जाता है.
खुशबू और स्वाद उभरकर आए
अब कढ़ाई में थोड़ा तेल गर्म किया जाता है और उसमें जीरा डाला जाता है. जैसे ही जीरा चटकने लगे, उसमें बारीक कटा हुआ लहसुन डालकर हल्का सुनहरा होने तक भूनते हैं. इसके बाद तैयार किया हुआ मसाला कढ़ाई में डालकर अच्छी तरह पकाया जाता है ताकि मसालों की खुशबू और स्वाद उभरकर आए.
अब इसमें थोड़ा पानी डालकर उबाल आने दिया जाता है. जब मिश्रण अच्छी तरह उबलने लगे, तब उसमें खिचिया के टुकड़े डाल दिए जाते हैं. कढ़ाई को ढककर इसे लगभग 5 मिनट तक धीमी आंच पर पकाया जाता है ताकि खिचिया मसाले का पूरा स्वाद सोख ले. जब सब्जी पूरी तरह तैयार हो जाए, तो इसे बाउल में निकालकर ऊपर से हरा धनिया डालकर सजाया जाता है. इसका स्वाद इतना चटपटा और देसी होता है कि हर कोई इसे बार-बार खाना पसंद करता है.
मारवाड़ के गांवों में आज महिलाएं इस रेसिपी को अपनी परंपरा के रूप में आगे बढ़ा रही हैं.जालोर जिले में यह सब्जी बड़े चाव से खाई जाती है और इसका देसी स्वाद हर किसी को पसंद आता है.
About the Author
Hi, I am Jagriti Dubey, a media professional with 6 years of experience in social media and content creation. I started my career with an internship at Gbn 24 news channel in 2019 and have worked with many repu…और पढ़ें