Last Updated:

Leftover Rice Recipe: अगर रात के चावल बच गए हैं, तो उन्हें फेंकने की बजाय स्वादिष्ट कैफे स्टाइल क्रिस्पी कटलेट बनाएं. उबले आलू, मसालों और ब्रेड क्रम्ब्स के साथ तैयार होने वाले ये कटलेट बाहर से कुरकुरे और अंदर से मुलायम होते हैं. यह आसान रेसिपी शाम की चाय, बच्चों के टिफिन या पार्टी स्नैक के लिए बेहतरीन विकल्प है.

Zoom

रात के बचे हुए चावलों से टेस्टी कटलेट तैयार कर सकते हैं.

Rice Cutlets Recipe: कई बार डिनर में चावल ज्यादा बन जाते हैं, तो लोगों को समझ नहीं आता कि बचे हुए चावलों का क्या करें. अगले दिन उन्हें फेंकना ही पड़ता है. अगर आप भी अक्सर ऐसा करते हैं, तो यह आदत बदलने की जरूरत है. आप बचे हुए चावलों से स्वादिष्ट और क्रिस्पी कैफे स्टाइल कटलेट तैयार कर सकते हैं. बाहर मिलने वाले कटलेट की तरह कुरकुरे और स्वाद से भरपूर ये कटलेट शाम की चाय के साथ या बच्चों के टिफिन के लिए बेहतरीन विकल्प हैं. इनका स्वाद आपको खूब पसंद आएगा.

कटलेट बनाने के लिए जरूरी सामग्री

इस आसान रेसिपी के लिए 2 कप बचे हुए चावल, 2 उबले और मैश किए हुए आलू, 1 बारीक कटा प्याज, 1-2 हरी मिर्च, थोड़ा-सा कद्दूकस किया हुआ गाजर, बारीक कटा हरा धनिया, 1 छोटा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट, आधा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, आधा चम्मच गरम मसाला, आधा चम्मच चाट मसाला, स्वादानुसार नमक, 2-3 चम्मच कॉर्न फ्लोर या ब्रेड क्रम्ब्स और कोटिंग के लिए अतिरिक्त ब्रेड क्रम्ब्स लें. तलने के लिए थोड़ा तेल भी रखें.

ऐसे बनाएं कैफे स्टाइल कटलेट

सबसे पहले बचे हुए चावल को हल्का-सा मैश कर लें, ताकि वे बाकी सामग्री के साथ अच्छी तरह मिल जाएं. अब इसमें उबले आलू, प्याज, गाजर, हरी मिर्च, हरा धनिया, अदरक-लहसुन का पेस्ट, सभी मसाले और कॉर्न फ्लोर डालकर अच्छी तरह मिक्स करें. अगर मिश्रण ज्यादा नरम लगे तो थोड़ा और ब्रेड क्रम्ब्स मिला सकते हैं. अब अपनी पसंद के अनुसार गोल या ओवल आकार के कटलेट तैयार कर लें और उन्हें ब्रेड क्रम्ब्स में अच्छी तरह लपेट दें.

एक नॉन-स्टिक पैन में थोड़ा तेल गर्म करें और मध्यम आंच पर कटलेट को दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक शैलो फ्राई करें. अगर चाहें तो इन्हें एयर फ्रायर में भी कम तेल के साथ तैयार किया जा सकता है. बाहर से कुरकुरे और अंदर से मुलायम ये कटलेट बिल्कुल कैफे स्टाइल स्वाद देते हैं. इन्हें पुदीना चटनी या टोमैटो केचप के साथ परोसें.

अगर कटलेट में चीज़ क्यूब या मोज़रेला भरकर बनाएंगे तो खाने में और भी मजेदार लगेंगे. चाहें तो इसमें उबली हुई मटर, शिमला मिर्च, स्वीट कॉर्न या अपनी पसंद की दूसरी सब्जियां भी मिला सकते हैं. ब्रेड क्रम्ब्स की डबल कोटिंग करने से कटलेट ज्यादा क्रिस्पी बनते हैं और लंबे समय तक अपना कुरकुरापन बनाए रखते हैं.

बचे हुए चावल से तैयार होने वाले ये कैफे स्टाइल क्रिस्पी कटलेट स्वाद और सेहत का बेहतरीन मेल हैं. यह रेसिपी खाने की बर्बादी रोकने के साथ-साथ घर पर ही बाजार जैसा स्वाद देने का आसान तरीका है. अगली बार जब चावल बच जाएं, तो उन्हें फेंकने की बजाय इस झटपट बनने वाली स्वादिष्ट रेसिपी को जरूर ट्राई करें.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

About the Author

अमित उपाध्याय

अमित उपाध्याय News18 हिंदी की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें



Source link

Write A Comment