महाराष्ट्र के वाशिम जिले से एक खतरनाक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक रेलवे पटरी पर खड़ा नजर आता है और कहता है कि जब तक लड़कियां उसे इंस्टाग्राम पर फॉलो नहीं करेंगी, वह पटरी से नहीं हटेगा। फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए जान जोखिम में डालने वाला यह स्टंट देखकर लोग हैरान और नाराज दोनों हैं।
अजीबोगरीब जिद का वीडियो वायरल
वीडियो में शख्स रेलवे ट्रैक पर खड़ा होकर कैमरे की ओर देखता है और साफ-साफ कहता है कि लड़कियों के फॉलो न आने तक वह वहीं रहेगा। आसपास ट्रेन आने का खतरा साफ दिखता है, फिर भी वह अपनी जिद पर अड़ा रहता है। वह कहता है कि, वाशिम जिले की लड़कियां जब तक मुझे फॉलो नहीं करेंगी, तब तक मैं रेलवे पटरी से नहीं हटूंगा।’ यहां तक उसने वाशिम के लड़कियों की कसम तक खा डाली..। यह क्लिप इंस्टाग्राम और अन्य प्लेटफॉर्म्स पर फैली, जहां हजारों लोगों ने इसे शेयर किया। कई यूजर्स ने कमेंट में लिखा कि व्यूज और फॉलोअर्स के चक्कर में लोग इतनी बेवकूफी कर रहे हैं कि जान गंवाने को तैयार हैं।
यूजर्स ने की आलोचना
वीडियो वायरल होने के बाद कई लोग इस शख्स की आलोचना कर रहे हैं। कुछ ने मजाक में कमेंट किए तो कई ने चेतावनी दी कि ऐसे कामों का अंजाम बुरा हो सकता है। अभी तक पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन ऐसे मामलों में आमतौर पर जांच शुरू कर दी जाती है।
पहले भी वायरल हो चुके ऐसे वीडियो
रेलवे ट्रैक पर ऐसे स्टंट पहले भी कई बार वायरल हो चुके हैं, जिनमें लोग ट्रेन के नीचे लेटने या पास दौड़ने जैसे खतरे उठाते हैं। ज्यादातर मामलों में पुलिस और रेलवे प्रशासन कार्रवाई करते हैं क्योंकि यह न सिर्फ खुद के लिए बल्कि दूसरों के लिए भी खतरा पैदा करता है। वाशिम के इस मामले में भी स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया यूजर्स ने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। यूजर्स का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने की होड़ युवाओं को बेहद जोखिम भरे कामों की ओर धकेल रही है। फॉलोअर्स और लाइक्स के लिए अपनी जान दांव पर लगाना न सिर्फ मूर्खता है बल्कि कानूनन भी अपराध हो सकता है। रेलवे सुरक्षा नियमों के तहत ट्रैक पर अनाधिकृत प्रवेश सख्त मना है।
(वाशिम से इमरान की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ें –
दिल्ली मेट्रो के साथ फोन स्टंट का Video हुआ वायरल, 13 करोड़ से ज्यादा लोगों ने देखा; देखें क्रिएटिविटी का नमूना