Lauki Pakoda Recipe: लौकी की सब्जी देखकर घर में अक्सर नाक-भौं सिकुड़ने लगती है, तो इस बार इसका अंदाज बदल दीजिए. लौकी को कद्दूकस करके बेसन, सूजी, प्याज और मसालों के साथ मिलाकर बनाए गए करारे पकोड़े शाम की चाय के लिए बढ़िया स्नैक बन सकते हैं. बाहर से कुरकुरे और अंदर से नरम इन पकोड़ों की खासियत यह है कि इनमें किसी खास या महंगी सामग्री की जरूरत नहीं होती. घर में रखी सामान्य चीजों से ही इनका स्वाद तैयार हो जाता है.
खासकर बारिश या ठंडी शाम में जब चाय के साथ कुछ गरमागरम खाने का मन करे, तब यह रेसिपी काम आ सकती है. बच्चों को लौकी की सब्जी पसंद नहीं है तो उन्हें भी इसे एक नए रूप में खिलाया जा सकता है. हरी चटनी और चाय के साथ गरम-गरम लौकी के पकोड़े परोसें, फिर देखिए प्लेट कितनी जल्दी खाली होती है.
लौकी के पकोड़े बनाने के लिए सामग्री
इस आसान रेसिपी के लिए एक कप कद्दूकस की हुई लौकी, आधा कप बारीक कटा प्याज, आधा कप बेसन और दो बड़े चम्मच सूजी लें. इसके अलावा दो हरी मिर्च, थोड़ा हरा धनिया, दो चम्मच दही, एक चम्मच लाल मिर्च पाउडर, एक चम्मच धनिया पाउडर, आधा चम्मच ऑरिगैनो, आधा चम्मच चिली फ्लेक्स और स्वादानुसार नमक चाहिए. तलने के लिए तेल रखें. यहां सूजी को नजरअंदाज न करें. इससे पकोड़ों में हल्का कुरकुरापन आता है, अगर आपको ज्यादा मसालेदार स्वाद पसंद नहीं है, तो चिली फ्लेक्स और हरी मिर्च की मात्रा कम कर सकते हैं.
कैसे तैयार करें लौकी के करारे पकोड़े?
सबसे पहले तैयार करें मिश्रण
लौकी को धोकर छील लें और फिर बारीक कद्दूकस कर लें, अगर लौकी में बहुत ज्यादा पानी निकल रहा है तो उसे हल्के हाथ से निचोड़ लें. अब एक बड़े बर्तन में कद्दूकस की हुई लौकी, प्याज, बेसन, सूजी, हरी मिर्च, हरा धनिया और दही डालकर अच्छी तरह मिलाएं. इसके बाद लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, ऑरिगैनो, चिली फ्लेक्स और नमक डालें. सभी चीजों को मिलाने के बाद थोड़ा-थोड़ा पानी डालें. ध्यान रखें कि घोल बहुत पतला न हो. पकोड़े का मिश्रण इतना गाढ़ा होना चाहिए कि चम्मच से उठाने पर आसानी से गिरने लगे.
(इमेज AI)
अब गर्म तेल में तलें पकोड़े
कड़ाही में तेल डालकर मध्यम आंच पर गर्म करें. तेल पर्याप्त गर्म होने पर हाथ या चम्मच की मदद से मिश्रण की छोटी-छोटी मात्रा तेल में डालें. एक साथ बहुत ज्यादा पकोड़े न डालें, वरना वे आपस में चिपक सकते हैं और अच्छी तरह नहीं सिकेंगे. पकोड़ों को पहले मध्यम आंच पर पकने दें. जब नीचे की सतह सुनहरी होने लगे तो इन्हें पलट दें. दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें. इसके बाद पकोड़ों को कड़ाही से निकालकर टिश्यू पेपर पर रखें, ताकि अतिरिक्त तेल निकल जाए.
चटनी के साथ करें गरमागरम सर्व
लौकी के पकोड़े तैयार हैं. इन्हें हरी धनिया-पुदीने की चटनी, टमाटर की चटनी या अपनी पसंद की डिप के साथ परोस सकते हैं. चाय के साथ इनका स्वाद और भी अच्छा लगता है. घर में अक्सर ऐसा होता है कि एक ही सब्जी का स्वाद बच्चों और बड़ों को पसंद नहीं आता. ऐसे में सामग्री बदलने के बजाय उसका तरीका बदलना काफी काम आ सकता है. लौकी के साथ भी यही छोटा सा प्रयोग है. सब्जी की जगह पकोड़े बनाइए और शाम के नाश्ते में परोसिए. बस ध्यान रखें कि पकोड़े बनाने के लिए लौकी का पानी बहुत ज्यादा न हो और तेल में डालने से पहले बैटर की गाढ़ापन जरूर जांच लें.