Poha Suji Bites Recipe: शाम होते ही कुछ हल्का, स्वादिष्ट और जल्दी बनने वाला खाने का मन अक्सर सभी का करता है, लेकिन हर बार तला-भुना या बाजार का स्नैक खाना सेहत के लिए अच्छा नहीं माना जाता. ऐसे में अगर कोई ऐसी रेसिपी मिल जाए जो स्वाद में भी बेहतरीन हो, बनाने में आसान हो और ज्यादा तेल की भी जरूरत न पड़े, तो बात ही अलग हो जाती है. पोहा सूजी बाइट्स ऐसी ही एक मजेदार रेसिपी है जो कम समय में तैयार हो जाती है और बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आती है.

इस रेसिपी की खास बात यह है कि इसमें इस्तेमाल होने वाली ज्यादातर चीजें घर में आसानी से मिल जाती हैं. पोहा, सूजी और दही से बनने वाली ये बाइट्स स्टीम की जाती हैं, जिससे ये हल्की और मुलायम बनती हैं, अगर आप चाहें तो ऊपर से हल्का तड़का लगाकर इसका स्वाद और भी बढ़ा सकते हैं. सुबह के नाश्ते, बच्चों के टिफिन या शाम की चाय के साथ यह एक शानदार विकल्प साबित हो सकती है. आइए जानते हैं इसे बनाने का आसान तरीका.

पोहा सूजी बाइट्स बनाने के लिए जरूरी चीजें
1. 2 कप पोहा
2. 1 कप सूजी
3. 1 कप दही
4. स्वादानुसार नमक
5. बारीक कटी धनिया पत्ती

तड़के के लिए (ऑप्शनल)
1. 1 से 2 चम्मच तेल
2. 1 छोटा चम्मच जीरा
3. 1 छोटा चम्मच राई
4. चुटकीभर हींग
5. 1 हरी मिर्च बारीक कटी हुई
6. थोड़ा सा सफेद तिल
7. रेड चिली फ्लेक्स
8. धनिया पत्ती

पोहा सूजी बाइट्स बनाने का आसान तरीका
सबसे पहले पोहे को एक बड़े बर्तन में डालकर अच्छी तरह धो लें. कोशिश करें कि पोहा साफ हो जाए और उसमें मौजूद अतिरिक्त धूल-मिट्टी निकल जाए. अब धुले हुए पोहे में सूजी और दही डालें और तीनों चीजों को अच्छी तरह मिला लें. इसके बाद इस मिश्रण को करीब 10 मिनट के लिए ढककर रख दें. इस दौरान सूजी और पोहा दही की नमी सोख लेंगे और मिश्रण थोड़ा गाढ़ा हो जाएगा. यही स्टेप बाइट्स को सॉफ्ट और स्पॉन्जी बनाने में मदद करता है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

10 मिनट बाद मिश्रण में स्वादानुसार नमक और बारीक कटी हुई धनिया पत्ती डालकर मिला लें. अब यह मिश्रण मुलायम आटे जैसा दिखाई देगा. हाथों पर थोड़ा सा तेल लगाएं और मिश्रण से छोटे-छोटे गोल या टिक्की जैसे बाइट्स तैयार कर लें. अब स्टीमर की प्लेट को हल्का सा ग्रीस करें और तैयार बाइट्स को उसमें रख दें. स्टीमर में करीब 10 मिनट तक इन्हें पकाएं. स्टीम होने के बाद बाइट्स काफी मुलायम और फूली हुई नजर आएंगी.

तड़का लगाकर बढ़ाएं स्वाद
अगर आप इन बाइट्स को और ज्यादा चटपटा बनाना चाहते हैं तो हल्का सा तड़का लगा सकते हैं. इसके लिए एक कड़ाही में थोड़ा तेल गर्म करें. इसमें जीरा, राई, हींग, सफेद तिल और बारीक कटी हरी मिर्च डालें. जब मसालों की खुशबू आने लगे तो स्टीम की हुई बाइट्स डाल दें. अब इन्हें हल्के हाथों से मिलाएं ताकि बाइट्स टूटें नहीं. आखिर में ऊपर से रेड चिली फ्लेक्स और कटी धनिया पत्ती डालकर अच्छी तरह टॉस कर लें. कुछ ही मिनटों में आपकी स्वादिष्ट पोहा सूजी बाइट्स तैयार हो जाएंगी.

किन चटनियों के साथ खाएं?
पोहा सूजी बाइट्स का स्वाद हरी धनिया की चटनी के साथ बेहद शानदार लगता है. इसके अलावा नारियल चटनी या टमाटर की चटनी भी इसके स्वाद को कई गुना बढ़ा देती है, अगर बच्चों के लिए बना रहे हैं तो हल्की मीठी टमाटर सॉस के साथ भी परोस सकते हैं.

क्यों है यह रेसिपी खास?
इस रेसिपी की सबसे बड़ी खासियत इसका हल्का और पौष्टिक होना है. इसमें बहुत ज्यादा तेल का इस्तेमाल नहीं होता और स्टीमिंग की वजह से यह पेट पर भी भारी नहीं लगती. पोहा और सूजी का मेल इसे भरपेट बनाने के साथ-साथ स्वादिष्ट भी बनाता है. यही वजह है कि यह रेसिपी आजकल हेल्दी स्नैक पसंद करने वालों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रही है.



Source link

Write A Comment