टीम इंडिया दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए इन दिनों श्रीलंका दौरे पर है। 15 अगस्त से गॉल में दोनों टीमों के बीच टेस्ट सीरीज का पहला मैच खेला जाएगा। इस सीरीज में टीम इंडिया की अगुवाई शुभमन गिल करेंगे। कप्तान गिल के पास इस सीरीज के पास इस सीरीज में नई चुनौती होगी। दरअसल शुभमन गिल पहली बार श्रीलंका में कोई टेस्ट मैच खेलेंगे। इससे पहले उन्होंने अभी तक श्रीलंका के खिलाफ भी एक भी टेस्ट मैच नहीं खेला है। श्रीलंका सीरीज से पहले हम आपको बताएंगे कि कप्तान के तौर पर शुभमन गिल का रिकॉर्ड कैसा रहा है।
टेस्ट में कप्तान के तौर पर कैसा रहा शुभमन गिल का रिकॉर्ड?
शुभमन गिल ने अब तक टेस्ट में कुल 9 मैचों में कप्तानी की है। इस दौरान टीम इंडिया को 5 मैचों में जीत मिली है, वहीं 3 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। एक मुकाबला ऐसा रहा है जो ड्रॉ पर समाप्त हुआ है। टीम इंडिया ने अपना पिछला टेस्ट मैच अफगानिस्तान के खिलाफ इसी साल जून में खेला था। उस मैच में टीम इंडिया ने पारी और 300 रनों के अंतर से जीत दर्ज की थी। गिल ने पिछले साल इंग्लैंड दौरे से टीम इंडिया की कमान संभाली थी।
बैटिंग रिकॉर्ड भी रहा है शानदार
शुभमन गिल का कप्तान के तौर पर बल्लेबाजी में रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है। उन्होंने टेस्ट में अब तक 9 मैचों में बैटिंग करते हुए 15 पारियों में 82.76 के बेहतरीन औसत से 1076 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 6 शतक और एक अर्धशतक आया है। ओवरऑल उन्होंने अब तक 41 टेस्ट मैच खेले हैं और इस दौरान 44.31 के औसत से 2969 रन बनाए हैं। गिल ने अब तक 11 शतक और 8 अर्धशतक लगाए हैं। टेस्ट में उनका हाईएस्ट स्कोर 269 रन का है।
वॉर्म-अप मैच से पहले चोटिल हुए थे शुभमन गिल
श्रीलंका सीरीज की बात करें तो शुभमन गिल को वॉर्म-अप मैच से पहले उंगली में चोट लगी थी। इस चोट की वजह से वह वॉर्म-अप मैच के पहले दिन मैदान पर नहीं दिखे थे। वहीं उन्होंने पहली पारी में बैटिंग भी नहीं की थी। गिल भारत की दूसरी पारी में बल्लेबाजी के लिए आए और वहां उन्होंने 54 गेंदों में 44 रन बनाए थे। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 7 चौके लगाए। टीम इंडिया ने इस वॉर्म-अप मुकाबले में श्रीलंका XI को 6 विकेट से हराया।
यह भी पढ़ें
हार्दिक पांड्या को लेकर अफवाहों का बाजार गर्म, क्या मुंबई इंडियंस से चले जाएंगे