Last Updated:
Amrakhand Recipe: गर्मियों में आम और दही दोनों बेहद पसंद किए जाते हैं, ऐसे में अगर आप कोई स्वीट डिश बनाने की सोच रहे हैं तो आम्रखंड बेहतरीन ऑप्शन हो सकता है. इसके लिए ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं होती और रेसिपी इतनी सिंपल है कि बच्चे भी बना लेंगे.
Shrikhand With Mango Recipe. (AI Image)
Mango Shrikhand Recipe: गर्मियों में दही और आम दोनों बेहद पसंद किए जाते हैं. अपनी कूलिंग प्रॉपर्टीज की वजह से दही को गर्मियों का राजा कहा जाए तो गलत नहीं होगा. वहीं श्रीखंड दही से बनने वाली ऐसी स्वीट डिश है जो मिठाइयों में अलग ही महत्व रखती है. ऐसे में श्रीखंड को अगर थोड़ा सा ट्विस्ट दें और मैंगो श्रीखंड बनाएं तो स्वाद कई गुना बढ़ जाता है, खासकर मैंगो लवर्स को ये कॉम्बो बहुत पसंद आता है. तो फटाफट जानते हैं, मैंगो श्रीखंड या आम्रखंड बनाने की ईजी रेसिपी.
इन सामग्रियों की पड़ेगी जरूरत
मैंगो श्रीखंड बनाने के लिए आपको एक बढ़िया मीठा आम चाहिए होगा (अल्फांजो या केसर लें तो बढ़िया है), दही, पिसी चीनी, इलायची पाउडर और कुछ केसर के धागे. यहां दी गई मात्रा 4-5 लोगों के लिए काफी होगी. इसके लिए आप सबसे पहले ताजा दही ले लें उसे कपड़े में टांगकर हंग कर्ड बना लें. याद रहे दही बिल्कुल खट्टा न हो. दही को कपड़े में रखकर, पानी निचुड़ने के लिए फ्रिज में रखें, वरना इतनी गर्मी में दही खट्टा हो जाएगा. एक किलो दही काफी होगा.
स्मूथ होना चाहिए दही और आम दोनों
हंग कर्ड को कपड़े से निकालकर खूब अच्छी तरह फेंटें ताकि ये एकदम स्मूथ हो जाए. एक तरीका और है कि आप इसे बड़ी छलनी से छान लें. इससे भी दही एकदम क्रीमी हो जाता है, एक भी छोटी गुलथी नहीं रहती. इसके बाद आम को बारीक पीसकर छानकर रख लें. अब दही में करीब 250 ग्राम पिसी चीनी और पहले से दूध में भिगाकर रखे गए केसर के धागे डालें और एक चौथाई चम्मच इलायची पाउडर डाल दें.
सबको करें, मिक्स-मिक्स-मिक्स
अब इन सारे आइटम्स को ठीक से मिक्स कर लें. अब ये एक पीले गाढ़े पेस्ट में बदल जाएगा. अगले चरण में इसे एयरटाइट डिब्बे में बंद करें और फ्रिज में रख दें. इससे बाकी खाने की स्मेल आपकी मिठाई में नहीं जाएगी. चूंकि ये चिल्ड ही अच्छा लगता है इसलिए मैंगो श्रीखंड या आम्रखंड को पहले 3-4 घंटे फ्रिज में रखकर खूब ठंडा कर लें. इसके बाद कांच की कटोरियों में इसे परोसें.
मेवा और आम से सजाएं
ये स्टेप पूरी तरह ऑप्शनल है पर आप चाहें तो कटोरी में निकालने के बाद इसे ऊपर से छोटे आम के टुकड़ों से सजा सकते हैं. इससे आम्रखंड देखने में भी बहुत सुंदर लगने लगता है. इसके साथ ही आपके पास मेवा हो तो बारीक काटकर इसे भी ऊपर से डाल दें. बिना गार्निशिंग के भी यह लाजवाब लगता है लेकिन ऐसा करने से आपकी कटोरी देखकर ही लोगों की जुबान से पानी टपकने लगेगा. इस तरह आप गर्मियों की फेवरेट, रिफ्रेशिंग डिश बना सकते हैं.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें