दिल्ली हाईकोर्ट ने राष्ट्रीय राजधानी के सभी पुलिस स्टेशनों में  महिला पुलिस कर्मियों के लिए स्वास्थ्य और स्वच्छता सुविधाओं को लेकर एक बेहद जरूरी फैसला सुनाया है। हाईकोर्ट ने तैनात महिला पुलिस कर्मियों के लिए सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीनों की उपलब्धता और स्वच्छता की लगातार कमी का आरोप लगाने वाली याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट ने दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है।

6 हफ्ते के अंदर सर्वे करने का आदेश

मामले की गंभीरता को देखते हुए हाईकोर्ट ने दिल्ली पुलिस आयुक्त को कड़े निर्देश दिए हैं। कोर्ट ने कहा है कि दिल्ली के सभी थानों में यह जांचा जाए कि कितनी सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीनें मौजूद हैं और वे काम कर रही हैं या नहीं। हाईकोर्ट ने दिल्ली के पुलिस आयुक्त को 6 हफ्ते के भीतर सर्वे पूरा करने का निर्देश दिया है।

कोर्ट ने क्या-क्या दिए निर्देश

दिल्ली हाईकोर्ट ने थानों में उक्त सुविधाएं प्रदान करने के लिए उठाए जाने वाले उचित कदमों को विस्तार से बताती हुई स्थिति रिपोर्ट दायर करने का निर्देश दिया है। दिल्ली हाईकोर्ट में मामले की अगली  सुनवाई  23 सितंबर 2026 को होगी।

अनुच्छेद-21 का हवाला

कोर्ट ने उक्त निर्देश जस्टिस फार राइट्स एसोसिएशन की याचिका पर दिया। याचिका में कहा गया कि महिला पुलिसकर्मियों के लिए थाने में ऐसी बुनियादी सुविधाएं देना संविधान के अनुच्छेद-21 के तहत बेहद जरूरी है, क्योंकि ये सम्मान, सेहत, प्राइवेसी और काम की जगह पर मानवीय स्थितियों के साथ जीने के अधिकार का एक अहम हिस्सा हैं।

थानों में अलग शौचालय और स्वच्छता सुविधाओं का अभाव,  HC ने मांगा जवाब

हाईकोर्ट में दायर याचिका के अनुसार, दिल्ली के तमाम थानों और पुलिस इकाइयों में तैनात महिला कर्मियों को मासिक धर्म स्वच्छता से जुड़ी बुनियादी सुविधाओं और अलग शौचालयों के गंभीर अभाव का सामना करना पड़ रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली हाईकोर्ट ने केंद्रीय गृह मंत्रालय, दिल्ली सरकार और दिल्ली पुलिस प्रशासन को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। 

याचिका में कहा गया है कि महिला पुलिसकर्मियों से कठिन परिस्थितियों में लगातार ड्यूटी कराई जाती है लेकिन उन्हें पीरियड्स के दौरान जरूरी सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं हैं। यह स्थिति उनके स्वास्थ्य, सम्मान, निजता और सुरक्षित कार्यस्थल के अधिकार का उल्लंघन है। याचिका में कहा गया है  कि दिल्ली के सैकड़ों पुलिस स्टेशनों में हजारों महिला पुलिसकर्मी काम कर रही हैं, लेकिन सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीनें सिर्फ कुछ ही जगहों पर उपलब्ध हैं।

ये भी पढ़ें:

ट्रैफिक पुलिस ने जब्त किया 96 चालान वाला स्कूटर, 10 लाख रुपये तक पहुंच गया था जुर्माना

 

 





Source link

Write A Comment